बरारी में 37 पुड़िया संदिग्ध स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, मोबाइल जब्त
- by Raushan Pratyek Media
- 18-Nov-2026
- Views
बरारी में 37 पुड़िया संदिग्ध स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, मोबाइल जब्त
लक्ष्मीपुर के विशनदास बगीचे में पुलिस की छापेमारी, 6.19 ग्राम मादक पदार्थ बरामद; पूछताछ में एक अन्य युवक का नाम आया सामने
कटिहार: बिहार के कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 37 पुड़िया में रखा 6.19 ग्राम स्मैक जैसा संदिग्ध मादक पदार्थ और एक वनप्लस मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान पोठिया थाना क्षेत्र के डुमर गांव निवासी दिलखुश सहनी (20) के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष सुमेश कुमार को स्थानीय आसूचना तंत्र और एसटीएफ की आसूचना संकलन टीम से सूचना मिली थी कि डुमर की ओर से एक युवक बरारी थाना क्षेत्र में आकर मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले का सत्यापन कर कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम गठित की। इस टीम में राजस्व अधिकारी आनंद कुमार को दंडाधिकारी के रूप में शामिल किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम लक्ष्मीपुर स्थित विशनदास के बगीचे के पास पहुंची। इसी दौरान पुलिस वाहन को देखकर एक युवक भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया।
तलाशी में मिलीं 37 पुड़िया
पुलिस ने तलाशी से पहले युवक को एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत उसके कानूनी अधिकारों और प्रावधानों की जानकारी देते हुए नोटिस दिया। इसके बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान युवक की जींस की बाईं जेब से हरे रंग की प्लास्टिक में रखी 37 पुड़िया बरामद हुईं। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर इनका कुल वजन 6.19 ग्राम पाया गया। इसके अलावा युवक की दाहिनी जेब से एक वनप्लस मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
पूछताछ में दूसरे युवक का नाम आया सामने
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक से पूछताछ के दौरान प्रियांशु नामक एक अन्य युवक का नाम सामने आया है। दिलखुश सहनी ने बताया कि उसे मादक पदार्थ की पुड़िया प्रियांशु नामक युवक से मिली थी। पुलिस इस जानकारी के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।
पुलिस ने बरामद संदिग्ध मादक पदार्थ और मोबाइल फोन को विधिवत जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने बताया कि मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। इस दौरान एक युवक को 37 पुड़िया संदिग्ध मादक पदार्थ और मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।


Post a comment