कटिहार में प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी ट्रेन और हाईटेंशन तार में लग गई भीषण आग, फिर तो...

कटिहार: कटिहार में सोमवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया जब रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के समीप हाई टेंशन तार में आग लग गई। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर सवारी गाड़ी खड़ी थी। आग लगने के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया और भगदड़ की स्थिति हो गई। हालांकि इस दौरान किसी तरह की कोई हताहत की खबर नहीं है। मामला कटिहार के आजमनगर रोड रेलवे स्टेशन का है जहां सोमवार की देर शाम प्लेटफार्म नंबर 1 के समीप आग लग गई।

बताया जा रहा है कि स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर कटिहार से राधिकापुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन खड़ी थी तभी तेज आंधी और बारिश की वजह से एक तार का पेड़ हाई टेंशन तार पर गिर गई। तार पर पेड़ के गिरने की वजह से एक तेज चिंगारी भड़की और आग लग गई। आग ने विकराल रूप ले लिया वहीं तेज हवा की वजह से आग लगातार भड़कता ही जा रहा था। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर और ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच अफरातफरी का माहौल हो गया और लोग अपना सामान लेकर इधर उधर भागने लगे। तेज आंधी और आग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने ट्रेन का परिचालन रोक दिया और संबंधित विभाग को मामले की जानकारी दी।

मामले की जानकारी मिलने के बाद तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कवायद में जुट गई। तकनीकी टीम ने सब कुछ सही करने के बाद रेल परिचालन के लिए अपनी सहमति दी जिसके बाद ट्रेनों का परिचालन किया गया। इस दौरान काफी देर तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। मामले को लेकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के कारण पेड़ गिरने की यह घटना हुई, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और यात्री सुरक्षित हैं।

कटिहार से जयप्रकाश भगत की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment