हाथ में हथकड़ी लगा पुलिस सुरक्षा में नीट परीक्षा देने पहुंचा अभ्यर्थी, जिसने भी देखा रह गया हैरान

सीतामढ़ी: रविवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच देश भर में करीब साढ़े चार हजार केंद्रों पर नीट की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में देश भर में करीब 22 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए। इस बीच सीतामढ़ी में एक अभ्यर्थी को देख अन्य अभ्यर्थी समेत अन्य लोग हैरान हो गए। दरअसल सीतामढ़ी के डुमरा स्थित कमला गर्ल्स स्कूल में बने केंद्र पर एक अभ्यर्थी हथकड़ी लगा कर परीक्षा देने पहुंचा। जानकारी के अनुसार कन्हौली थाना क्षेत्र के बगहा निवासी मंसूर अंसारी का पुत्र अफजद अंसारी मारपीट के एक मामले में पिछले 15 दिनों से मंडल कारा में बंद है। जेल में रहते हुए उसने नीट के लिए आवेदन किया था और उसका परीक्षा केंद्र कमला गर्ल्स स्कूल में निर्धारित किया गया था।

न्यायालय से विशेष अनुमति मिलने के बाद प्रशासन ने अफजद को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेल से सीधे परीक्षा केंद्र पहुंचाया। पुलिसकर्मियों की निगरानी में हथकड़ी लगाए अफजद जैसे ही परीक्षा केंद्र परिसर में दाखिल हुआ, वहां मौजूद लोगों की भीड़ उसकी ओर देखने लगी। कुछ देर के लिए केंद्र परिसर में यह मामला चर्चा का विषय बन गया। सुरक्षा कारणों से पुलिस की विशेष निगरानी में उसे परीक्षा कक्ष तक पहुंचाया गया। इस बीच सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह भी वहां मौजूद दिखें। वहीं सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अफजद को परीक्षा में शामिल किया गया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने बताया कि युवक मारपीट के मामले में न्यायिक हिरासत में है। न्यायालय के आदेश के बाद उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षा दिलाने के लिए केंद्र पर लाया गया था।

  

Related Articles

Post a comment