बारात के दौरान भोजपुरी गीत पर डांस करते हुए लहराया हथियार और की फायरिंग, अब पुलिस जुटी जांच में...
- by Manjesh Kumar
- 16-May-2026
- Views
सुपौल: एक तरफ बिहार में पुलिस की लाख कोशिश के बावजूद हर्ष फायरिंग का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। हालांकि पुलिस हर्ष फायरिंग करने वाले के विरुद्ध कार्रवाई तो करती है लेकिन बावजूद इसके लोग बाज नहीं आ रहे। एक बार फिर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक बारात के दौरान सरेआम हथियार लहराया जा रहा है साथ ही फायरिंग भी की जा रही है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो बीते 13 मई की है जब सुपौल के नदी थाना क्षेत्र अंतर्गत सखुआ गांव से एक बारात मधुबनी जिला के हिरापट्टी जा रही थी उस वक्त कुछ लोगों ने अवैध हथियार प्रदर्शन करते हुए फायरिंग भी की।
बताया जा रहा है कि बारात के दौरान फायरिंग करने वाले युवक की पहचान ललमनियां पंचायत के वार्ड संख्या 7 निवासी सुशील कुमार के रूप में की गई है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। बताया जा रहा है कि देर शाम पुलिस टीम युवक के घर पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई। पुलिस वीडियो की सत्यता, हथियार की प्रकृति और हर्ष फायरिंग के आरोपों की जांच कर रही है। वहीं निर्मली के सर्किल इंस्पेक्टर राणा रणविजय कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।


Post a comment