गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, माफिया की करोड़ों की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया की शुरू

गोपालगंज: बिहार में अपराध, भ्रष्टाचार के साथ ही माफियाओं के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में अब बिहार की पुलिस अपराधियों और माफियाओं की अवैध तरीके से कमाई गई सम्पत्ति जब्त करने की दिशा में काम शुरू कर चुकी है। गोपालगंज पुलिस ने एक और माफिया के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए करीब 3.40 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में आर्थिक अपराध इकाई को धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जांच में खुलासा हुआ कि सीवान जिले के बड़हरिया निवासी अरमान खान लंबे समय से बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा पर सक्रिय एक संगठित पशु तस्करी गिरोह का संचालन कर रहा था। पुलिस के अनुसार वर्ष 2016 से 2025 के बीच उसने अवैध कारोबार के जरिए करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की। जमीन, लग्जरी वाहन और आलीशान मकान का खुलासा जांच के दौरान आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर कई संपत्तियों का पता चला है। इनमें विभिन्न स्थानों पर जमीन, लग्जरी वाहन और आलीशान मकान शामिल हैं।

पुलिस का दावा है कि ये संपत्तियां पशु तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से अर्जित आय से बनाई गई हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अरमान खान के खिलाफ 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या का प्रयास, डकैती, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। जांच के दौरान उसके बैंक खातों और परिजनों के खातों में भारी वित्तीय लेन-देन के साक्ष्य भी मिले हैं। एसपी विनय तिवारी द्वारा आर्थिक अपराध इकाई को भेजी गई रिपोर्ट में आरोपी की संपत्तियों को अपराध से अर्जित आय बताया गया है। इसी आधार पर बैंक रिकॉर्ड, संपत्ति विवरण और अन्य दस्तावेज EOU को सौंपे गए हैं। अब PMLA के तहत जांच के बाद संपत्तियों की जब्ती की कार्रवाई हो सकती है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस नेटवर्क से जुड़े करीब दो दर्जन अन्य संदिग्ध पशु तस्कर भी जांच एजेंसियों के रडार पर हैं।

  

Related Articles

Post a comment