घर में मिली अधेड़ की लाश, देर रात अपराधियों ने चाकू से गोदा, पुलिस जुटी जांच में...
- by Manjesh Kumar
- 12-May-2026
- Views
कटिहार: कटिहार में एक व्यक्ति का घर में लहूलुहान शव बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति की घर में ही चाकू से गोद कर हत्या की गई है। घटना सोमवार देर रात की है जब कटिहार के बरारी थाना क्षेत्र के सिकटा पंचायत के वार्ड संख्या 8 में मो मुश्ताक के घर में ही अज्ञात बदमाशों ने चाकू गोद कर हत्या कर दी।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि देर रात हत्या के बाद बगल के कमरे में सो रही पत्नी को किसी तरह भनक लगी जिसके बाद वह कमरे में पहुंची तो वहां व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। घटना की जानकारी मिलने के बाद बरारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। घटना की जानकारी के बाद सदर एसडीपीओ 2 रंजन कुमार सिंह और बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
घटना को लेकर सदर एसडीपीओ 2 रंजन कुमार सिंह ने कहा कि मामले में मृतक के परिजनों ने एक भतीजा और एक पड़ोसी को नामजद आरोपी बनाते हुए मामला दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजन को सौंप दिया और मामले की छानबीन में जुट गई है।


Post a comment