हथियार लेकर पुलिस को गोली मारने की धमकी देने वाले युवक की PMCH में मौत, मुठभेड़ में लगी थी दो गोली

भोजपुर: भोजपुर में हथियार के साथ पोस्ट करने, पुलिसकर्मियों को गोली मारने की धमकी देने और पकड़ने गई पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले युवक की इलाज के दौरान PMCH में मौत हो गई। युवक को पुलिस के साथ मुठभेड़ में बुधवार की सुबह दो गोली लगी थी जिसे पहले स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फिर आरा सदर अस्पताल और फिर PMCH लाया गया था जहां उसने दम तोड़ दिया। मृतक युवक की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि युवक ने पहले सोशल मीडिया पर हथियार के साथ धमकी भरा पोस्ट किया था जिसके बाद पुलिस उसे पकड़ने पहुंचीं तो युवक ने पुलिसकर्मियों पर पिस्तौल तान दी और गोली मारने की धमकी देने लगा था।

युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल भी हुआ। एक वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक हाथ में हथियार लेकर बैठा हुआ है साथ ही वहां एक महिला और थानाध्यक्ष भी मौजूद हैं और बातचीत कर रहे हैं। इस दौरान दो पुलिसकर्मी जब उसकी तरफ बढ़े तो उसने उनके साथ गाली गलौज करते हुए हथियार तान दिया और गोली मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश तेज कर दी। बुधवार की सुबह पुलिस एक बार फिर उसे पकड़ने पहुंचीं तो उसने पुलिस को फिर से धमकी दी और इसी दौरान फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की जिसमें उसके दोनों पैर में गोली लग गई और वह जख्मी हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए शाहपुर प्राथमिक केंद्र पहुंचाया जहां से डॉक्टर ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया और वहां से उसे PMCH रेफर कर दिया। 

पटना PMCH में इलाज के दौरान जख्मी ने दम तोड़ दिया। अब पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। मामले में भोजपुर के एसपी ने बताया कि पुलिस पर और ऐसे ही युवक ने करीब दो दर्जन से अधिक फायरिंग की थी। युवक की हरकत आम आदमी की जान माल की सुरक्षा को खतरे में डालने वाला था। पुलिस ने उसे समझाने की काफी कोशिश की लेकिन वह हमेशा पुलिस को गोली मारने की धमकी देता रहा और अंत में फायरिंग भी कर दी। युवक के द्वारा फायरिंग करने के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे दो गोली लग गई थी जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

  

Related Articles

Post a comment