घर में चल रही थी शादी की तैयारी, विक्रमशिला एक्सप्रेस की चपेट में आने से दूल्हा की मौत

भागलपुर: भागलपुर में एक बेहद हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां विक्रमशिला एक्सप्रेस की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक मानसिक रूप से परेशान था। बताया जा रहा है कि वह रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और विक्रमशिला एक्सप्रेस के सामने आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

मृतक के भाई ने बताया कि घर में किसी बात को लेकर मनमुटाव हुआ था। उनका कहना है कि इसी वजह से उनके भाई ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। भाई ने कहा कि कल ही हम लोग तिलक करके आए थे और 24 जुलाई को मेरे भाई की शादी होने वाली थी। पूरे घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन आज सारी खुशियां मातम में बदल गईं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शादी की तैयारियों में जुटा परिवार अब गहरे सदमे में है। आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई।

सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।

  

Related Articles

Post a comment