सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान दो मुन्नाभाई गिरफ्तार, 14 जून को भी दूसरे अभ्यर्थी के बदले दी थी परीक्षा

सीवान: बुधवार को राज्य के कई जिलों में सिपाही भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया जहां हजारों छात्र शामिल हुए। परीक्षा को लेकर सभी जिलों में सुरक्षा के साथ ही गड़बड़ी करने वाले के विरुद्ध कार्रवाई के लिए चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। यही वजह है कि सीवान में परीक्षा के दौरान दो मुन्नाभाई को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार दोनों मुन्ना भाई दूसरे अभ्यर्थी के बदले परीक्षा दे रहे थे। दोनों की गिरफ्तारी अलग अलग परिक्षा केंद्रों से की गई है। पुलिस अब गिरफ्तार दोनों युवकों से पूछताछ कर पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। गिरफ्तार युवकों के पास से फर्जी दस्तावेज, एडमिट कार्ड और पहचान पत्र भी बरामद किया गया है।

मामले को लेकर जिला के एसपी पूरन झा ने बताया कि बुधवार को सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान शहर के सरस्वती शिशु मंदिर परीक्षा केंद्र और दाऊद मेमोरियल उर्दू गर्ल्स हाई स्कूल परीक्षा केंद्र से सघन जांच के दौरान दो संदिग्ध को लकड़ा गया। दोनों ने पूछताछ के दौरान अपनी पहचान पटना का सियाराम कुमार और जहानाबाद का गौतम कुमार के रूप में बताई। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि वे किसी अन्य अभ्यर्थी के बदले परीक्षा देने आए थे। एसपी ने बताया कि आरोपियों के पास से बरामद प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों में भी कई गलतियां पाई गई हैं। दोनों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने बीते 14 जून को आयोजित परीक्षा के दौरान मोतिहारी और गोपालगंज में भी दूसरे अभ्यर्थी के बदले परीक्षा दी थी।

एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि मामला केवल दो फर्जी अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं है। इसके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि असली अभ्यर्थी कौन हैं, उन्हें परीक्षा में बैठाने की व्यवस्था किसने की और इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद दस्तावेजों को जब्त कर लिया गया है और संभावित मास्टरमाइंड समेत अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

  

Related Articles

Post a comment