श्रावणी मेले मे मनिहारी गंगा घाट स्नान व जल भरने आनेवाले श्रद्वालुओं को हर मुमकिन सुविधा दी जाएगीः डीएम

कटिहार: बुधवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने मनिहारी गंगा घाट पहुंचकर यहां चल रही सरकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। डीएम ने मनिहारी गंगा किनारे नमामी गंगे परियोजना से कराये जा रहे रिवर फ्रंट के संबंध मे जानकारी ली। नदी के जलस्तर मे हुई वृद्धि व तेज प्रवाह के कारण रिवर फ्रंट पर मंडराते खतरे को लेकर बाढ नियंत्रण विभाग कटिहार के द्वारा रिवर फ्रंट की सुरक्षा में उठाये जा रहे कदमों की जानकारी ली। बताया कि बाढ के बाद इसकी सुरक्षा को लेकर और भी कदम उठाये जाएंगें।

कुटी घाट पहुंचकर विद्युत शवदाह गृह का भी निरीक्षण किया। इसके पूर्ण होने में हो रही अनावश्यक विलंब के प्रति संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूरा कराने की सख्त हिदायत दी। उन्होने बुडको के सहायक अभियंता विकाश कुमार, परियोजना उप निदेशक रत्नेश कुमार को कार्य के लेट लतीफी के प्रति सख्त हिदायत देते हुए कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिये। मौके पर श्रावणी मेले के पूर्व तैयारी की अधिकारियों से जानकारी ली। पूछे जाने पर जिला पदाधिकारी ने जानकारी दी श्रावणी मेले के दौरान गंगा स्नान व जल भरण को मनिहारी गंगा तट आनेवाले श्रद्धालुओं को हर मुमकिन सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी। सुरक्षित स्नान व यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था के निर्देश एस डी एम त्रिलोकी नाथ सिंह को दी।

श्रावणी मेले के दौरान गंगातट पर स्थायी रुप से चौबीसो घंटे गोताखोरों की तैनाती के भी निर्देश दिये। साथ चल रहे अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) फिरोज अख्तर से मनिहारी मे स्थायी रुप से एसडीआरएफ की एक टीम प्रतिनियुक्त करने की दिशा मे आवश्यक पहल किये जाने को कहा। इस मौके पर स्थानीय प्रशासन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।

  

Related Articles

Post a comment