बाकीपुर विधानसभा उप चुनाव मतदान की तैयारी में जुटा जिला प्रशासन, डीएम ने मतगणना स्थल तथा डिस्पैच सेंटर का किया निरीक्षण

पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के क्रम में जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बालिका उच्च विद्यालय, बांकीपुर में बनाये जाने वाले डिस्पैच सेंटर तथा ए एन कॉलेज स्थित मतगणना केन्द्र स्थल का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि दोनों जगह बारिश के मौसम को देखते हुए सारी तैयारी की जाये। पंडाल वाटर प्रूफ बनायें। ग्राउंड में जल-जमाव न रहें इसकी भी फूलप्रूफ व्यवस्था हो। बालिका विद्यालय, बांकीपुर स्थित डिस्पैच सेंटर में इवीएम की कमीशनिंग होगी। बूथों पर भेजने के लिए रखे जाने वाले इवीएम के लिए स्ट्रॉन्ग रूम की व्यवस्था भी निर्वाचन आयोग द्वारा तय मानकों के अनुरूप करने को कहा गया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को कहा कि इवीएम को रखने से लेकर डिस्पैच तक के कार्य को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप किया जाना सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर थोड़ी भी चूक न हो।

ए एन कॉलेज स्थित मतगणना केन्द्र पर इवीएम रखने के स्थान, मतगणना स्थल आदि का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर सीसीटीवी लगाये जाएं एवं उसकी नियमित मॉनिटरिंग हो। डिस्पैच सेंटर एवं मतगणना केन्द्र पर पर्याप्त संस्था के सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा तथा दोनों जगह अनवरत विद्युत आपूर्ति के लिए जेनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। मतगणना केन्द्र पर ईवीएम रिसेप्शन टेबुल की व्यवस्था इस प्रकार से रहे कि मतदान कर्मियों को कोई परेशानी का सामना करना नहीं पड़े। जिलाधिकारी ने मतदान एवं मतगणना केन्द्र के दिन सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए रूट प्लान भी ससमय तैयार कर लेने की निर्देश दिये।

इस अवसर पर पटना के उप विकास आयुक्त शुभम कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी, बांकीपुर विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

  

Related Articles

Post a comment