जमीन रजिस्ट्री के लिए मायके वालों ने नहीं दिए रुपए तो विवाहिता की पीट पीट कर ले ली जान
- by Pratyek Media
- 21-Apr-2026
- Views
समस्तीपुर: समस्तीपुर में दहेज की खातिर एक विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि मृतिका के शरीर पर जख्म के निशान हैं जिसके बाद आशंका जताई जा रही है कि उसकी बेरहमी से पिटाई की गई थी जिसकी वजह से मौत हुई। घटना समस्तीपुर के ताजपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर दिघरुआ गांव की है जहां एक विवाहिता का शव उसके घर से बरामद हुआ। विवाहिता का शव बरामद होने के बाद मायके वालों ने ससुराल के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर छानबीन में जुट गई। मृतिका के मायके वाले ने उसके पति, सास और ननद पर पीट पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतिका के भाई ने बताया कि उसकी बहन की शादी आलोक कुमार से वर्ष 2017 में हुई थी। शादी के समय 20 लाख रुपए दहेज के साथ ही एक कार दिया था। शादी के बाद से ही ससुराल के लोगों ने फिर से पैसे की मांग शुरू कर दी। उन्हें रुपए नहीं देने पर मेरी बहन के साथ मारपीट करते थे। हाल ही में ससुराल के लोगों ने जमीन रजिस्ट्री के लिए चार लाख रूपए की मांग की थी। रुपए नहीं देने पर उन लोगों ने पीट पीट कर हत्या कर दी।
मृतिका के भाई ने बताया कि सोमवार की रात मारपीट की सूचना मिली फिर कुछ देर बाद ही उसकी मौत होने की भी जानकारी मिली। हमलोग जब मौके पर पहुंचे तो घर में सिर्फ मेरी बहन का शव था जबकि सभी सदस्य भाग चुके थे। मृतिका के शरीर पर बेल्ट, लाठी और गला घोंटने के निशान भी मौजूद हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।


Post a comment