शेखपुरा में लगातार घट रही आपराधिक वारदात, मानसिक रूप से कमजोर महिला की पिटाई तो दो अन्य जगह...

शेखपुरा: जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मारपीट की तीन घटनाओं में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल शेखपुरा में चल रहा है। एक मामले में महिला ने छेड़खानी और जबरन खेत की ओर खींचने का भी आरोप लगाया है। पहली घटना मेहुस थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव की है। यहां मानसिक रूप से कमजोर उर्मिला कुमारी की कथित रूप से बेरहमी से पिटाई कर दी गई। घायल की मां मंजू देवी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसकी बातों को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद बिलटू राम, माधो राम, सुधीर राम, मुनिया देवी, बादल कुमार, कारू कुमार और आकाश कुमार ने मिलकर उसकी बेटी के साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि मामले में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। 

दूसरी घटना कसार थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव की है। महिला का आरोप है कि गोतिया जबरन उसका खेत जोत रहे थे। विरोध करने पर राजेश कुमार, शंभू महतो, उपेंद्र महतो और राजीव कुमार ने उसे खेत की ओर खींचने का प्रयास किया तथा छेड़खानी की। शोर सुनकर पहुंची ग्रामीण महिलाओं ने उसे बचाया, लेकिन आरोपियों ने लाठी से हमला कर घायल कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पहले भी इसी परिवार द्वारा मारपीट की घटनाएं की जा चुकी हैं। तीसरी घटना अरियरी थाना क्षेत्र के बादशाहपुर गांव में हुई, जहां खेत में काम कर रहे संजीव कुमार पर उनके छोटे भाई ने हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों मामलों में घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।

  

Related Articles

Post a comment