जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, कहा 'जनता अब आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहती है'
- by Manjesh Kumar
- 10-Aug-2026
- Views
वैशाली: वैशाली के देसरी प्रखंड अंतर्गत एसपीएस कॉलेज खेल मैदान के गड्ढे की भराई व पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, रेलवे ओवरब्रिज निर्माण, महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, सरदार बल्लभभाई पटेल रेलवे स्टेडियम के सौंदर्यीकरण एवं रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विकास की मांग को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को देसरी प्रखंड कार्यालय पर रोषपूर्ण प्रदर्शन किया। एसपीएस कॉलेज से शुरू प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-युवा, खिलाड़ी, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद सभा की अध्यक्षता अभिषेक कुमार सिंह एवं संचालन गौतम कुमार यादव ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए वैशाली जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष रंजीत पंडित ने कहा कि देसरी रेलवे फाटक पर प्रतिदिन लगने वाला जाम और रेलवे फ्लाई ओवर की वर्षों पुरानी मांग के बावजूद अब तक ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने स्थानीय सांसद चिराग पासवान से सवाल किया कि उन्होंने इस मुद्दे को संसद एवं रेल मंत्रालय के समक्ष कितनी बार उठाया। उन्होंने कहा, देसरी की जनता अब आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहती है। जनसमस्याओं पर सरकार और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभा की अध्यक्षता करते हुए अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि एसपीएस कॉलेज का खेल मैदान हजारों छात्र-युवाओं के लिए खेलकूद एवं सेना-पुलिस भर्ती की तैयारी का प्रमुख केंद्र है। वर्षों से मौजूद बड़ा गड्ढा दुर्घटना का खतरा बना हुआ है और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के अभाव में युवाओं को परेशानी होती है।
अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मो रुस्तम एवं अनीश कुमार ने कहा कि पिछले चार वर्षों से लगातार आवेदन देने और पंचायती राज विभाग के निदेशक व मुख्यमंत्री सचिवालय के निर्देश के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। आरटीआई में जिला प्रशासन ने बताया कि जिला परिषद सदस्य की अनुशंसा नहीं होने के कारण कार्य वार्षिक कार्य योजना में शामिल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्य को केवल अनुशंसा के अभाव में वर्षों तक लंबित रखना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। प्रखंड विकास पदाधिकारी मोनिका कुमारी ने छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से वार्ता कर अपने स्तर के कार्य कराने तथा नीतिगत मांगों को सरकार तक भेजने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष रंजीत पंडित, अभिषेक कुमार सिंह, मो रुस्तम, अनीश कुमार, नवनीत कुमार, संजीव कुमार यादव शामिल थे।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक करते हुए चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। इस मौके पर अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष उत्तम कुमार ठाकुर, सुबोध पासवान, प्रदीप कुमार सिंह, राहुल कुमार, रूपक, दीपक पासवान, दिनेश राय उर्फ टाईगर, मंजय कुमार यादव, अर्जुन मांझी, शंकर यादव, विशाल, आदित्य कुमार पंडित, अशोक कुमार टिंकू, प्रशांत कुमार, मुन्ना साह, बिट्टू, लड्डू, गणेश पंडित, डॉ चंद्रमोहन पंडित, मो सद्दाम, रोबिन कुमार, विक्रम कुमार, आलोक, राजा, अंकित, सत्या, रौशन, रोहन, नवीन, राजेश, आलोक सहित दर्जनों छात्र, युवा, खिलाड़ी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।


Post a comment