शेखपुरा: कस्तूरबा विद्यालय की 14 छात्राएं गर्मी की वजह से हुई बेहोश, अस्पताल में कराया गया भर्ती
- by Manjesh Kumar
- 18-May-2026
- Views
शेखपुरा: जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत लोदीपुर गांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में पढ़ने वाली 14 छात्राएं आज फिर बीमार हो गई और बेहोशी की हालत में सभी को सदर अस्पताल लाया गया। दरअसल सोमवार की दोपहर पढ़ाई ख़त्म होने के बाद सभी छात्राएं स्कूल से हॉस्टल जा रही थी इसी क्रम में अचानक बेहोश होकर गिर गईं। घटना के बाद स्कूल में बच्चियों तथा शिक्षाकर्मियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। आनन फानन में सभी बीमार हुई बच्चियों को स्थानीय लोगों की सहायता से इलाज हेतु सदर अस्पताल शेखपुरा में भर्ती कराया गया। जहां सभी का इलाज चल रहा हैं।
बता दें कि दो दिन पूर्व भी इसी कस्तूरबा गांधी बालिका स्कूल में पढ़ने वाली 27 की संख्या में स्कूली बच्चियां संध्या प्रार्थना के दौरान बेहोश होकर गिर पड़ी थी। जिसके कारण स्कूल और सदर अस्पताल में उस दिन देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीओ प्रियंका कुमारी, एडिशनल एसपी डॉ राकेश कुमार, डीईओ तनवीर आलम, BEO सुरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी स्कूल और सदर अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही बीमार बच्चियों से पूछताछ की।
विद्यालय की वार्डन निशा कुमारी ने बताया कि सभी छात्राएं स्कूल समाप्त होने के बाद हॉस्टल जा रही थी और तभी अचानक एक के बाद एक बेहोश होकर गिरने लगी। सभी को विद्यालय प्रशासन द्वारा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। इस बाबत एसडीओ प्रियंका कुमारी ने कहा कि यह घटना उमस भरी गर्मी और बच्चियों द्वारा कम मात्रा में पानी पिए जाने के कारण घटी है। उन्होंने कहा कि स्कूल पहुंचकर स्कूल में पानी का नमूना लिया गया है। उसकी भी जांच कराई जा रही हैं ताकि पता चल सके कि जो पानी पीने का उपयोग बच्चियां कर रही है, वह शुद्ध है कि नहीं। उन्होंने कहा कि फिलहाल बीमार पड़ी बच्चियों की हालत में सुधार आ रहा है।


Post a comment