सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या का तार जुड़ रहा बिहार से, STF ने बक्सर से एक को उठाया

बक्सर: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या का तार अब बिहार से जुड़ता हुआ दिख रहा है। चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले की जांच कर रही STF की टीम ने बक्सर में दबिश दी है और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पाण्डेयपट्टी निवासी विशाल कुमार श्रीवास्तव को अपने साथ कोलकाता लेकर गई है। पुलिस और STF को शक है कि विशाल श्रीवास्तव का इस हत्याकांड से ताल्लुक हो सकता है। बताया जा रहा है कि उसके विरुद्ध बक्सर के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट और हत्या समेत कई मामले दर्ज हैं।

मामले की पुष्टि करते हुए बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने बताया कि पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम आई थी और विशाल श्रीवास्तव को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए अपने साथ कोलकाता लेकर गई है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि कोलकाता पुलिस ने उसे चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में हिरासत में लिया है या कोई अन्य मामला है। इस मामले में उन्होंने कहा कि यह पश्चिम बंगाल की पुलिस ही स्पष्ट कर सकती है।

मामले में बताया जा रहा है कि जांच कर रही STF को एक टोल प्लाजा से UPI पेमेंट करने का अहम सुराग हाथ लगा है। बताया जा रहा है कि हत्या में प्रयुक्त कार घटना से कुछ समय पहले बल्ली टोल प्लाजा से गुजरी थी जहां हमलावरों ने UPI से पेमेंट किया था। टोल प्लाजा पर कार और उसमें बैठे लोगों की तस्वीर भी कैद हुई है। अब पुलिस UPI भुगतान के आधार पर मिले मोबाइल नंबर से हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है। 

बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद 6 मई को पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की कार को कुछ हमलावरों ने ओवरटेक कर ताबड़तोड़ गोली बरसा हत्या कर दी थी। इस घटना में सुवेंदु अधिकारी के पीएस भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। बताया जा रहा है कि घटना के बाद हमलावर कार और मोटरसाइकिल से फरार हुए थे जिसमें दो मोटरसाइकिल घटनास्थल से करीब 6 किलोमीटर दूर बारा से बरामद कर ली गई है।

  

Related Articles

Post a comment