लापरवाही या तकनीकी गलती? कटिहार में फायरिंग रेंज से दर्जनों गोलियां पहुंची रिहायशी इलाकों में, दहशत का माहौल

कटिहार: कटिहार जिले के सहायक थाना क्षेत्र के महिपाल नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अचानक गोलियों की आवाज से पूरा इलाका थर्रा उठा। एक-दो नहीं बल्कि करीब दर्जनभर गोलियां चलने की आवाज सुनकर लोग घरों से निकल कर बाहर आए। गोली की आवाज सुनकर कई परिवारों ने दहशत में दरवाजे बंद कर लिए जबकि बच्चे और महिलाओं में डर समा गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक गोलियां इतनी तेज रफ्तार से आईं कि कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। कुछ कारों के शीशों में भी दरार आ गई वहीं कई दीवारों पर गोली लगने के निशान दिखाई दिए।

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि महिपाल नगर का यह इलाका बीएमपी-7 के फायरिंग रेंज के बेहद करीब है। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस की फायरिंग प्रैक्टिस के दौरान कुछ गोलियां छिटक कर रिहायशी इलाके तक पहुंच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर दी। इसके बाद कटिहार एसपी शिखर चौधरी खुद मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके का निरीक्षण किया। उन्होंने टूटे शीशों और दीवारों पर पड़े निशानों को देखा और लोगों से जानकारी ली।

लोगों ने दर्जनों गोली के खोखे भी पुलिस को दिए। एसपी ने मामले को गंभीर बताते हुए सदर डीएसपी और बीएमपी डीएसपी के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित करने का आदेश दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर गोलियां किस परिस्थिति में रिहायशी इलाके तक पहुंचीं। इलाके के लोगों में अब भी डर का माहौल बना हुआ है।

  

Related Articles

Post a comment