नालंदा के प्राचीन बुद्ध मंदिर में चोरी, चोरों ने उड़ाई पालकालीन कई मूर्तियां
- by Manjesh Kumar
- 30-Jul-2026
- Views
नालंदा: बड़ी खबर नालंदा से सामने आ रही है जहां चोरों ने एक ऐतिहासिक बुद्ध मंदिर को निशाना बनाया और कई प्राचीन मूर्तियां ले भागे। मंदिर में चोरी की घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। मामला जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के तेतरावा गांव स्थित ऐतिहासिक बुद्ध मंदिर का है। बताया जा रहा है कि चोरों ने बुधवार गुरुवार की मध्यरात्रि मंदिर में चोरी की और पालकालीन ऐतिहासिक मूर्तियों की चोरी कर ली। चोरी गई प्रतिमाओं में भगवान विष्णु, सूर्य देव और भगवान बुद्ध की एक खंडित प्रतिमा शामिल है।
घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। घटना का खुलासा गुरुवार सुबह उस समय हुआ, जब ग्रामीण रोजाना की तरह मंदिर की साफ-सफाई के लिए पहुंचे। मंदिर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला और ताला व सीकड़ सीढ़ी पर पड़े थे। अंदर जाकर देखा गया तो तीनों ऐतिहासिक प्रतिमाएं गायब थीं। गौतम बुद्ध विकास समिति के सचिव राजीव कुमार ने बताया कि मूर्ति चोरी होने की सूचना तत्काल मानपुर थाना को दी गई। ग्रामीणों ने बताया कि भगवान विष्णु और सूर्य देव की प्रतिमाएं पिछले वर्ष गांव के तालाब की खुदाई के दौरान जमीन से निकली थीं। उनकी ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए उन्हें सुरक्षित रखने के लिए बुद्ध मंदिर में स्थापित किया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है तथा मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल इस घटना ने नालंदा की ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से चोरी गई प्राचीन मूर्तियों की शीघ्र बरामदगी और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


Post a comment