यहां प्रखंड कार्यालय परिसर में नहीं है पेयजल की व्यवस्था, अपने साथ लेकर ही आएं, जनता दरबार में पहुंचे दर्जनों लोग भीषण गर्मी में होते रहे हलकान
- by Manjesh Kumar
- 23-May-2026
- Views
कटिहार: आजमनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचल कार्यालय में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में जमीनी समस्याओं को लेकर सैकड़ों फरियादी पहुंचे। उमस भरी गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच लोगों को सबसे अधिक परेशानी शुद्ध पेयजल की कमी को लेकर उठानी पड़ी। प्रखंड मुख्यालय परिसर में लगे चापाकल और आरओ सिस्टम पिछले एक महीने से खराब पड़े होने के कारण आम लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। जनता दरबार में दूर-दराज के गांवों से पहुंचे लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर आए थे, लेकिन परिसर में पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई महिलाएं खराब पड़े चापाकल और आरओ के पास खड़ी होकर पानी की समस्या को लेकर नाराजगी जाहिर करती दिखीं।
लोगों में बैरिया पंचायत के मुखिया अबू तालिब, अमर शिवपुर पंचायत समाजसेवी संतोष ठाकुर, आलमपुर पूर्व मुखिया रामजी सिंह, जदयू नेता सुनील सिंह, नेता मोहम्मद मेराज, आदि लोगों का कहना था कि भीषण गर्मी में सरकारी कार्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय है। बताया जाता है कि प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रशासनिक स्तर पर दो आरओ मशीन और एक चापाकल लगाया गया है, ताकि कार्यालय आने वाले लोगों को स्वच्छ पेयजल मिल सके। लेकिन लंबे समय से खराब रहने के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि खराब पड़े चापाकल और आरओ को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। वहीं इस संबंध में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी प्रवीण भारती ने बताया कि तकनीशियन से जांच कराकर खराब पड़े चापाकल और आरओ को बहुत जल्द ठीक करा दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पेयजल समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


Post a comment