भागलपुर में नहीं थम रही मादक पदार्थों की तस्करी, एक विधि विरुद्ध को पुलिस ने पकड़ा तस्कर फरार

भागलपुर: भागलपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बबरगंज थाना क्षेत्र से 58.61 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। इस कार्रवाई में एक विधि विरुद्ध बालक को पकड़ा है, जबकि मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देश पर जिले में "स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर" अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस को शनिवार को गुप्त सूचना मिली थी कि बबरगंज थाना क्षेत्र के सानो-चौधरी डीह स्थित एक दुकान में राजा यादव उर्फ टेणो-ठाकुर यादव द्वारा अवैध मादक पदार्थों का भंडारण और खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर- 02 तथा बरारी थाना की संयुक्त टीम का गठन कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पहले एक विधि विरुद्ध बालक के पास से 42.56 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद कर उसे हिरासत में लिया, इसके बाद आरोपी राजा यादव की दुकान पर छापेमारी की। पुलिस टीम के पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।

हालांकि तलाशी के दौरान दुकान से 16.05 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद कर जब्त कर लिया गया। पूरे अभियान में कुल 58.61 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई पकड़े गए विधि विरुद्ध बालक से पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी राजा यादव के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। भागलपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

  

Related Articles

Post a comment