सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में फायरिंग के आरोपी को पुलिस ने मार गिराया, एनकाउंटर में 3 पुलिसकर्मी भी हुए जख्मी
- by Manjesh Kumar
- 29-Apr-2026
- Views
भागलपुर: मंगलवार को भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुस कर अंधाधुंध फायरिंग कर कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या करने के मुख्य आरोपी को पुलिस ने देर रात एनकाउंटर में मार गिराया। एनकाउंटर के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गए जिनका इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है। मृतक अपराधी की पहचान रामधनी यादव के रूप में की गई है। वहीं एनकाउंटर की घटना के बाद डीएम, एसएसपी भी पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि नगर परिषद कार्यालय में अंधाधुंध फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी की तथा संदिग्ध की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी।
पुलिस ने नगर परिषद कार्यालय में फायरिंग के मुख्य आरोपी रामधनी यादव को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ के आधार पर हथियार बरामदगी के लिए ले कर गई। इस दौरान फायरिंग के आरोपी और अन्य अज्ञात अपराधियों ने पुलिस पर भी ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी जिसमें तीन पुलिसकर्मी जख्मी हो गए वहीं जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी रामधनी यादव को भी मार गिराया। घायल हालत में पुलिस उसे लेकर अस्पताल गई जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी, एसएसपी प्रमोद कुमार यादव, एसडीएम विकास कुमार समेत अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
मामले को लेकर एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि पुलिस मुख्य आरोपी रामधनी यादव को हथियार बरामदगी के लिए लेकर गई थी। इस दौरान उसने और उसके अन्य अज्ञात सहयोगियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में रामधनी यादव घायल हो गया। इस दौरान तीन अन्य पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं। एसएसपी ने बताया कि सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने आरोपी को मृत घोषित कर दिया वहीं तीनों पुलिसकर्मी को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल मायागंज रेफर कर दिया है।
बता दें कि मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय सुल्तानगंज में सैराती की प्रक्रिया चल रही थी इसी दौरान अपराधी एक झोला लेकर घुसा और उससे हथियार निकाल कर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मौत हो गई जबकि सभापति राजकुमार गुड्डू के सर में गोली लगने से वह गंभीर हालत में जख्मी हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया वहीं पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार तत्काल इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।


Post a comment