वर्षों पुराने विवाद पर लगा विराम, आपसी सहमति से निकला मंदिर के रास्ते का समाधान
- by Manjesh Kumar
- 11-Nov-2026
- Views
विहिप-बजरंग दल की पहल लाई रंग, चंदन भारती ने रास्ते के लिए छोड़ी जमीन तो शंकर रजक धर्मशाला निर्माण को हुए राजी
कटिहार: प्रखंड क्षेत्र के लक्ष्मीपुर पंचायत अंतर्गत बड़ी भैसदीरा के सीज टोला वार्ड संख्या-15 में हनुमान मंदिर के रास्ते और धर्मशाला निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच वर्षों से चला आ रहा विवाद बुधवार को आपसी सहमति से समाप्त हो गया। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की पहल पर दोनों पक्षों के बीच बैठक आयोजित कर मामले का सर्वसम्मति से समाधान निकाला गया।
समझौते के तहत चंदन कुमार भारती हनुमान मंदिर के बगल से लोगों के आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध कराने पर सहमत हुए। वहीं, शंकर रजक ने मंदिर में धार्मिक आयोजन और कीर्तन मंडली के लिए धर्मशाला निर्माण कराने के उद्देश्य से अपने घर के दरवाजे के समीप जमीन देने की सहमति जताई। उनके पुत्र रविंद्र रजक ने भी इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की।
चंदन कुमार भारती ने बताया कि हनुमान मंदिर के समीप पहले कीर्तन मंडली के लिए भवन का निर्माण कराया गया था। अब उस स्थान को खाली कर रास्ता बनाने और कीर्तन मंडली के लिए नया भवन शंकर रजक के घर के दरवाजे के पास बनाने पर सहमति बनी है। वहीं, शंकर रजक ने कहा कि मंदिर के बगल से आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध होने पर वे धार्मिक कार्यक्रमों और समारोह के आयोजन के लिए अपने घर के दरवाजे के समीप धर्मशाला निर्माण हेतु स्वेच्छा से जमीन उपलब्ध कराएंगे।
बैठक के दौरान विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दोनों पक्षों को आपसी भाईचारे, धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि आपसी समझदारी और सहमति से विवाद का समाधान होना पूरे गांव के लिए सकारात्मक संदेश है। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए विवाद समाप्त करने का निर्णय लिया।
इस मौके पर विहिप जिला सह संयोजक राजीव भगत, प्रखंड संयोजक प्रमोद मंडल, सह संयोजक पवन चौरसिया, प्रखंड मंत्री प्रवीण रिंकू, सह संयोजक मुकेश चौधरी, सोनू शर्मा, शिवा सिंह, राजीव राय, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अखिलेश कुशवाहा, जदयू नगर उपाध्यक्ष रवि राज सिंह एवं गौरव सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। विवाद समाप्त होने के बाद हनुमान मंदिर में सामूहिक आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। स्थानीय लोगों ने दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने में विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना की।


Post a comment