मतदाता सूची पुनरीक्षण-2027 की तैयारी तेज, DM की अध्यक्षता में हुई बड़ी बैठक

युवा और महिला मतदाताओं को जोड़ने पर जोर, 18 साल पूरे कर चुके हर युवा का नाम जुड़वाने के निर्देश

सुल्तानपुर (उप्र): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 को लेकर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सहित संबंधित विभागों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में मतदाता साक्षरता क्लब (ELC) के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से युवा एवं महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनसंख्या के अनुपात में मतदाता सूची में पंजीकरण की कमी को दूर किया जाए और मतदाता सूची में जेंडर गैप को न्यूनतम करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जुड़वाया जाए। साथ ही महिलाओं एवं अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों का पंजीकरण भी सुनिश्चित कराया जाए।

जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, डीसी एनआरएलएम, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस), सहायक श्रमायुक्त, सीएमओ, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, नेहरू युवा केंद्र सहित अन्य विभागों और सामाजिक संगठनों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में मतदाता साक्षरता एवं जागरूकता अभियान चलाएं। सभी विभागों को कहा गया कि वे छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहुओं, एएनएम, विभिन्न फर्मों में कार्यरत श्रमिकों और युवा कल्याण से जुड़े लोगों का, जिनका अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ है, कैंप लगाकर प्रमुखता के आधार पर पंजीकरण कराएं। बैठक में सभी संबंधित अधिकारीगण एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment