नवरात्रि और दुर्गापूजा को लेकर पुलिस अलर्ट, वलीपुर बाजार में फ्लैग मार्च
- by Manjesh Kumar
- 18-Oct-2026
- Views
संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और शांति व्यवस्था कायम रखने पर जोर
सुल्तानपुर (उप्र): शारदीय नवरात्रि पर्व और दुर्गापूजा के मद्देनजर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए बल्दीराय पुलिस सतर्क हो गई है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पूजा-पंडालों में आने-जाने वाले लोगों की सुविधा और संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार और थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने PAC बल के साथ वलीपुर बाजार तथा आसपास के संवेदनशील स्थानों पर पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजार के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। इस पहल का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के साथ ही पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस की सक्रियता से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधि को गंभीरता से लिया जाएगा। क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार के मार्गदर्शन में बल्दीराय बाजार, पाराबाजार, देहली बाजार, बहुरावां बाजार और बघौना सहित क्षेत्र के अन्य प्रमुख बाजारों में भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस चौकसी बढ़ाई गई है। पर्व के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और शांति व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता दी जा रही है।
सरकार की मंशा के अनुरूप त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। नवरात्रि और दुर्गापूजा जैसे धार्मिक आयोजनों में आपसी भाईचारा, पारस्परिक सम्मान और कानून का पालन बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में पुलिस की जिम्मेदारी केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों के बीच विश्वास और सद्भाव का वातावरण बनाए रखना भी है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महेंद्र प्रताप सिंह ने पर्व के दौरान आमजन से भी अपील है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, किसी भी भ्रामक सूचना को बिना पुष्टि के प्रसारित न करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।


Post a comment