कोचिंग से घर लौट रही नाबालिग को स्कॉर्पियो में बैठाकर दुष्कर्म, शेखपुरा पुलिस ने 12 घंटे में आरोपी को दबोचा

लखीसराय-जमुई मोड़ से आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो जब्त

शेखपुरा: जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। आरडी कॉलेज मोड़ के पास कोचिंग पढ़कर घर लौटने के लिए टोटो का इंतजार कर रही एक नाबालिग बच्ची को लिफ्ट देने के बहाने स्कॉर्पियो सवार युवक ने अगवा कर लिया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना 30 अक्टूबर की शाम करीब 5:15 बजे की बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले बच्ची से लखीसराय जाने का रास्ता पूछा और फिर उसे सुरक्षित घर छोड़ने का झांसा दिया। बच्ची ने अपने पिता से बात करने की शर्त रखी और आरोपी के मोबाइल से फोन भी किया, लेकिन परिजनों ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद बच्ची उसकी बातों में आकर स्कॉर्पियो में बैठ गई।

आरोपी उसे घर पहुंचाने के बजाय मेदनी मोड़ के आगे मदारी रोड स्थित सुनसान स्थान पर ले गया और दुष्कर्म किया। बाद में पचना झारखंड मोड़ मंदिर के पास छोड़कर फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हिमांशु कुमार ने एएसपी डॉ राकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर महज 12 घंटे के भीतर आरोपी अमृत कुमार उर्फ अमित कुमार को लखीसराय-जमुई मोड़ स्थित एक मकान से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो मोबाइल बरामद हुए हैं।

वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली गई है। पीड़िता ने आरोपी की पहचान की है। पुलिस ने पीड़िता और आरोपी की मेडिकल जांच कराई है तथा एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने 15 दिनों के भीतर आरोपपत्र दाखिल कर त्वरित विचारण कराने और आरोपी को कठोर सजा दिलाने की बात कही है।

  

Related Articles

Post a comment