कला शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान पर बरारी की शिक्षिका जिम्मी कुमारी सम्मानित

विश्व संगीत दिवस उत्सव में मिला 'आर्ट एडूकेटर्स अवार्ड-2026', क्षेत्र में खुशी की लहर

कटिहार: बरारी प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, दक्षिणी भंडारताल की नृत्य शिक्षिका जिम्मी कुमारी को कला शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए "आर्ट एडूकेटर्स अवार्ड-2026" से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें विश्व संगीत दिवस के अवसर पर आयोजित विश्व संगीत दिवस उत्सव सह सम्मान समारोह-2026 में प्रदान किया गया। 27 जून को पटना म्यूज़ियम, बुद्ध मार्ग स्थित सभागार में आयोजित इस समारोह का आयोजन परफ़ॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट एडूकेटर्स ऑफ़ बिहार द्वारा बिहार म्यूज़ियम के सहयोग से किया गया। समारोह में गीत-संगीत, नृत्य, नाटक एवं जादू कला की प्रस्तुतियों के साथ कला शिक्षा की चुनौतियों पर पैनल चर्चा तथा कला शिक्षा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म का भी प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम में बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं एससीईआरटी, पटना के संयुक्त निदेशक डॉ सुरेन्द्र कुमार, बिहार संग्रहालय के अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा, मगध महिला कॉलेज की प्रो नीरा चौधरी तथा एलएनएमयू, दरभंगा की प्रो लावण्या कीर्ति सिंह काव्या विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत संगीत, नृत्य, ललित कला एवं रंगमंच विषय के 60 शिक्षकों, व्याख्याताओं और प्राध्यापकों को कला शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए "आर्ट एडूकेटर्स अवार्ड-2026" से सम्मानित किया गया। इसी क्रम में बरारी की नृत्य शिक्षिका जिम्मी कुमारी को भी सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान एससीईआरटी, बिहार, पटना के संयुक्त निदेशक डॉ. सुरेन्द्र कुमार के हाथों प्रदान किया गया।

जिम्मी कुमारी को मिले इस सम्मान पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे बरारी और कटिहार जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।

  

Related Articles

Post a comment