मुजफ्फरपुर के मूकबधिर स्कूल में बच्चे के साथ बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल, जांच के बाद SDM ने कहा...
- by Manjesh Kumar
- 17-May-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: अक्सर लोगों को कुछ भी गलत करते वक्त लगता है कि किसी को पता नहीं चलेगा लेकिन वह भूल जाते हैं कि यह सोशल मीडिया का जमाना है और अब कुछ भी छुप नहीं सकता है। तभी तो मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा में स्थित बागेश्वरी मूक बधिर स्कूल के एक कर्मी की बेरहमी सामने आ गई। बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद हड़कंप मच गया और एसडीएम जांच के लिए पहुंच गए। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो मुजफ्फरपुर के मूकबधिर स्कूल का बताया जा रहा है जिसमें दिखाई दे रहा है कि संस्थान का एक कर्मी एक बच्चे की बेरहमी से पिटाई कर रहा है। वह कर्मी बच्चे को पटक कर लगातार हाथ से पिटाई कर रहा है।
सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद कई सवाल उठने लगे हैं, वही प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मच गया। मामला सामने आने के बाद एसडीएम पूर्वी तुषार विद्यालय पहुंचे और मामले की जांच की। इस दौरान उन्होंने पूरे विद्यालय का निरीक्षण किया और छात्र समेत कई कर्मियों से पूछताछ की। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि कई अन्य गड़बड़ियां भी सामने आई है। बच्चों से बातचीत के दौरान वायरल वीडियो की भी पुष्टि हुई है। इस मामले में दोषी कर्मी के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। घटना के संबंध में विद्यालय के संचालक और आरोपी कर्मी के खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है। इधर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। फिलहाल SDM तुषार कुमार पूरे मामले की गंभीरता से तफ्तीश कर रहे हैं।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment