CM Samrat ने पूर्णिया को दी 50 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, स्थानीय विधायक ने कहा...

पूर्णिया: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा बिहार में नई सरकार के आठ महीने पूर्ण होने के अवसर पर ऊर्जा विभाग द्वारा आयोजित पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र अधिष्ठापन कार्य का शुभारंभ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से किया, जिसका सीधा प्रसारण पूर्णिया के महानंदा सभागार में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में किया गया। इसमें सदर विधायक विजय खेमका भी शामिल हुए।

इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत प्रथम चरण में 1512 करोड़ रुपये की लागत से राज्य के 2.5 लाख बीपीएल परिवारों के घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पूर्णिया जिले के लगभग 8000 बीपीएल परिवारों को इस योजना का लाभ मिलेगा तथा उनके घरों की छत पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे उन्हें प्रतिमाह 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध होगी। विधायक ने कहा कि इस योजना के प्रथम चरण का शुभारंभ पूर्णिया जिले से किया गया है तथा के नगर क्षेत्र के 10 बीपीएल परिवारों के घरों पर सोलर पैनल स्थापित किए गये हैं। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूर्णिया विधानसभा सहित जिले के सभी चिन्हित बीपीएल लाभुकों को योजना से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि सामान्य उपभोक्ताओं के लिए भी सोलर पैनल लगाने पर अनुदान की व्यवस्था की गई है। विधायक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा पूर्णिया को 50 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई गई हैं। इन बसों के संचालन हेतु जिला परिवहन विभाग परिसर, थाना चौक में चार्जिंग स्टेशन का निर्माण किया गया है, जिसका उद्घाटन सम्राट चौधरी ने किया। इससे आम नागरिकों को सुगम एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा प्राप्त होगी। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने बिजली विभाग के शहरी एवं ग्रामीण कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश देते हुए कहा कि विद्युत आपूर्ति 24 घंटे सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र एवं पूर्णिया पूर्व प्रखंड में केबल तार, विद्युत पोल, कृषि विद्युत कनेक्शन, नए ट्रांसफॉर्मर लगाने तथा पुराने ट्रांसफॉर्मरों को बदलने की आवश्यकता वाले स्थलों की सूची विभाग को उपलब्ध कराते हुए शीघ्र कार्रवाई करने को कहा।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पूर्णिया के सर्वांगीण विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने पूर्णिया को विभिन्न विकास योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा ऊर्जा विभाग के मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी सहित ऊर्जा विभाग एवं जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।

  

Related Articles

Post a comment