सीएम नहीं सेवक की रेस में हैं विजय सिन्हा, सम्राट चौधरी की बढ़ेगी टेंशन या फिर राह हुआ आसान...

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव में निर्वाचित होने के बाद अब राज्य के नए मुखिया को लेकर कयास तेज हो गया है। कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार के बाद भाजपा राज्य में अपना पहला मुख्यमंत्री बनाएगी जिसके बाद कई नेताओं का नाम सामने आया। इस रेस में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा समेत कई नामों की चर्चा चल रही है वहीं जदयू से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के नाम की मांग भी जोरों पर है। मुख्यमंत्री की रेस में अपना नाम होने के मामले में उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने बड़ा बयान दिया है।

रविवार को लखीसराय में अपने आवास पर आयोजित जन संवाद कार्यक्रम के दौरान अपना नाम मुख्यमंत्री की रेस में होने के सवाल पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मैं किसी पद की लालसा नहीं रखता हूं बल्कि मैं लोगों की सेवा करना चाहता हूं। मैं सीएम नहीं बल्कि सेवक के रेस में आगे हूं और हमेशा रहूंगा। इस दौरान उन्होंने जदयू -  भाजपा के बीच बड़े भाई की भूमिका को लेकर कहा दोनों दल एकसाथ मिल कर काम कर रही है। दोनों पार्टी सगे भाई की तरह है और सगे भाई में छोटा बड़ा नहीं होता है बल्कि बराबर होता है।

इसके साथ ही डिप्टी सीएम ने क्षेत्र के लिए 4.35 करोड़ रुपए की योजनाओं की सौगात भी दी है। डिप्टी सीएम ने पार्टी कार्यकर्ताओं को भी संदेश दिया कि राजनीति सेवा का माध्यम होना चाहिए न कि आजीविका का। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा करना चाहिए और लोगों को इसे सेवा के रूप में ही लेना चाहिए।

  

Related Articles

Post a comment