तेज प्रताप यादव को कौन दे रहा धमकी, सोशल मीडिया पोस्ट कर पूछा 'आखिर क्यों नहीं हो रही है कार्रवाई?'

पटना: राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट कर सम्राट सरकार पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि उन्हें और उनके समर्थकों को एक नंबर से फोन और मैसेज कर बार बार धमकी दी जा रही है तथा शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। तेज प्रताप यादव ने कहा कि किसी को भी धमकी देना है ब्लैकमेल करना या डराने की कोशिश करना गंभीर मामला है लेकिन बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने पूछा कि आखिर क्या कारण है कि इस नंबर या उसके उपभोक्ता के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हो रही है। क्या इसके पीछे किसी प्रभावशाली व्यक्ति का संरक्षण है? इन सभी मामलों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।

तेज प्रताप यादव ने कहा कि मैं बिना जांच किसी की संलिप्तता को अंतिम सत्य नहीं घोषित कर सकता हूं लेकिन यह सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी और जवाबदेही है कि इस संबंधित मामले में जांच और उचित कार्रवाई करे। तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि इस संबंध में उन्होंने पहले भी शिकायत की थी लेकिन पुलिस या अन्य किसी जांच एजेंसी ने इसे अब तक गंभीरता से लेते हुए जांच नहीं की है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि उक्त नंबर से जुड़े कॉल, संदेश और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तत्काल विधिसम्मत जांच की जाए, इसके वास्तविक उपयोगकर्ता और उसके पीछे मौजूद लोगों की पहचान सार्वजनिक की जाए तथा दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। इसके साथ ही तेज प्रताप ने कहा कि मैं धमकियों से डरने या दबने वाला नहीं हूँ। मेरे साथ जुड़े किसी कार्यकर्ता, सहयोगी, महिला या पुरुष को डराने-धमकाने की कोशिश की गई तो मैं उनकी आवाज बनकर पूरी मजबूती से खड़ा रहूँगा।

  

Related Articles

Post a comment