गृह मंत्री अमित शाह के बयान का जदयू ने किया विरोध, चिराग और मांझी की पार्टी ने किया स्वागत
- by Manjesh Kumar
- 14-Sep-2026
- Views
पटना: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर बिहार में राजनीति तेज हो गई है। इस मामले में बिहार सरकार में प्रमुख सहयोगी जदयू ने इस बयान का विरोध कर दिया है जबकि अन्य सहयोगियों ने समर्थन किया है वहीं राजद ने भी विरोध किया है। दरअसल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2029 तक भाजपा और एनडीए शासित राज्यों में यूसीसी लागू कर दिया जाएगा। अमित शाह के बयान पर अब एनडीए में मतभेद सामने आने लगा है। जदयू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिहार में हम इस बात का समर्थन नहीं करेंगे वहीं भाजपा और चिराग पासवान की पार्टी ने समर्थन किया।
चिराग की लोजपा और मांझी ने किया समर्थन
प्रवक्ता विनीत सिंह ने इसे स्वागत योग्य कदम बताया। उन्होंने कहा कि संविधान भी देश में समान कानून की बात करता है, इसलिए UCC को केवल एनडीए शासित राज्यों तक सीमित नहीं रखना चाहिए। विपक्षी दलों की सरकार वाले राज्यों में भी इसे लागू किया जाना चाहिएm विनीत सिंह के मुताबिक, इससे देश में एकरूपता और समानता की भावना मजबूत होगी। हम पार्टी के डॉ संतोष कुमार सुमन ने भी अमित शाह के बयान का पूर्ण समर्थन किया है। उन्होंने साथ ही अनुसूचित जाति के आरक्षण में कोटे में कोटा और वर्गीकरण के मुद्दे पर भी गंभीर पहल की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हरियाणा में बीजेपी सरकार ने इस दिशा में कदम उठाया है, उसी तरह अन्य भाजपा शासित राज्यों में भी कोटे में कोटा लागू करने की पहल होनी चाहिए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के अनुसूचित जातियों के उप-वर्गीकरण संबंधी फैसले पर केंद्र और राज्य सरकारों से गंभीरता से संज्ञान लेने की अपील की, ताकि आरक्षण का लाभ उन वर्गों तक भी पहुंच सके, जो लंबे समय से इससे अपेक्षाकृत वंचित रहे हैं।
जदयू ने कहा बिहार में नहीं करने देंगे लागू
वहीं, जेडीयू ने बिहार में UCC लागू करने का विरोध किया है। पार्टी के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा कि संसद में UCC बिल आने पर जेडीयू ने उसका समर्थन किया था हालांकि, उस समय पार्टी नेतृत्व ने साफ कर दिया था कि इसे बिहार में लागू नहीं किया जाएगा। श्याम रजक ने कहा कि उस वक्त नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे। आज बीजेपी के सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री हैं, लेकिन सरकार एनडीए की ही है उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार में UCC किसी कीमत पर लागू नहीं होगा। UCC को लेकर राजद भी एनडीए पर हमलावर है।
राजद और कांग्रेस ने साधा निशाना
RJD प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि बीजेपी के ऐलान का जेडीयू ने ही विरोध कर दिया है। उन्होंने UCC को बीजेपी के एजेंडे की राजनीति आगे बढ़ाने वाला कदम बताया। एजाज अहमद ने कहा कि इससे सभी धर्मों के लोग प्रभावित होंगे। उनके मुताबिक, इससे संविधान और संवैधानिक अधिकार भी कमजोर होंगे कांग्रेस प्रवक्ता असीतनाथ तिवारी ने भी UCC को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्य इस समय भीषण बाढ़ की चपेट में हैं। वहां की जनता को मदद की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में UCC का मुद्दा उठाना 'हसुआ के बियाह में खुरपी का गीत गाने' जैसा है।


Post a comment