मजदूरी करने बैंगलोर गया था कटिहार का छात्र, सड़क दुर्घटना में मौत, शव गांव आते ही मातम का माहौल

कटिहार: कटिहार के बरारी थानांतर्गत लक्ष्मीपुर पंचायत के वार्ड संख्या 9 में उस समय मातम का माहौल हो गया जब स्थानीय युवक का शव बैंगलोर से लाया गया। बताया जा रहा है कि स्थानीय कृष्ण कुमार मंडल बैंगलोर मजदूरी करने गया था जहां एक सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार उसके साथ दो अन्य युवक भी दुर्घटना का शिकार हुए थे जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। रविवार को मृतक का शव उसके पैतृक गांव लाया गया जिसके बाद माहौल गमगीन हो गया। शव देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कृष्ण कुमार मंडल बीए की पढ़ाई करते हुए घर की जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए मजदूरी हेतु बैंगलोर गया था। बीते दिनों बाइक से वह अपने दो अन्य ग्रामीण के साथ कहीं जा रहा था इसी दौरान सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया और उसकी मौत हो गई जबकि अन्य दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। रविवार को युवक का शव गांव लाया गया जहां अंतिम संस्कार किया गया। वहीं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने सरकार से प्रवासी मजदूर मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से सहायता राशि देने की अपील की।

  

Related Articles

Post a comment