वैशाली के लालगंज में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन पुल का स्ट्रक्चर गिरा, 6 जख्मी

वैशाली: बिहार के वैशाली में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हुआ जिसमें करीब आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। घटना वैशाली के लालगंज की है जहां भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन पुल का स्ट्रक्चर गिर गया। घटना में करीब 6 मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गए जिन्हे आनन फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों के परिजन और स्थानीय लोग भी अस्पताल पहुंच गये। अस्पताल परिसर में भी कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोग घायलों की स्थिति की जानकारी लेने में जुटे रहे। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गये और हंगामा करने लगे।

ग्रामीणों और परिजनों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि इतनी बड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना में काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और तकनीकी सतर्कता होनी चाहिए। वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा ने कहा कि घटना में सात लोग घायल हुए हैं, इनमें दो का प्राथमिक उपचार हो रहा है। तीन लोगों को हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है। हादसे में एक मजदूर का पैर करीब डेढ़ घंटे तक मशीन के नीचे दबा रहा था, उसे कटर से काट कर निकाला गया है। स्थानीय लोगों से बात करने से इस साइट पर सेफ्टी से संबंधित कुछ बातें सामने आई है, उसके लिए संबंधित लोगों को जानकारी दी जाएगी।

ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे की जानकारी मिलते ही प्रोजेक्ट से जुड़े कई वरीय पदाधिकारी और ठेकेदार मौके से चले गये, इससे लोगों में और आक्रोश बढ़ गया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू की। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर किस तकनीकी खामी या लापरवाही के कारण गिरा। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हो गये हैं।

  

Related Articles

Post a comment