वैज्ञानिक खेती से बढ़ेगी रबी फसलों की पैदावार, किसानों को दिया गया प्रशिक्षण
- by Manjesh Kumar
- 28-Oct-2026
- Views
उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर, कृषि विशेषज्ञों ने बताए उत्पादन बढ़ाने के उपाय
कटिहार: रबी फसलों की बेहतर पैदावार और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को बरारी प्रखंड कृषि कार्यालय परिसर में वासंतिक रबी महाभियान के तहत प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृषि पदाधिकारी राम सुरत शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने, उन्नत बीजों का चयन, संतुलित उर्वरक प्रबंधन तथा फसल उत्पादन बढ़ाने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उप परियोजना निदेशक दीक्षा कुमारी और कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक परितोष कुमार ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और फसल प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि खेती में वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर लागत को नियंत्रित करने और उत्पादन की गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। किसानों को मिट्टी की आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों का इस्तेमाल करने, गुणवत्तापूर्ण बीजों का चयन करने तथा फसलों की उचित देखभाल करने की सलाह दी गई। कृषि विशेषज्ञों ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से इनका लाभ उठाने की अपील की। साथ ही खेती से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कृषि विशेषज्ञों से परामर्श लेने और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में उप प्रमुख रैनी कौर, जिला परिषद सदस्य गुणसागर पासवान, बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज कुशवाहा, पूर्व मुखिया अमरेंद्र सिंह संजू, किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष संजीव कुमार, किसान सलाहकार सुमन कुमार, मांगन प्रसाद मेहता, अभिषेक कुमार सहित दर्जनों किसान एवं कृषि कर्मी मौजूद थे।


Post a comment