देख लीजिए सम्राट जी, मनबढ़ू दारोगा की दबंगई, भूले प्रोटोकॉल, रास्ता मांगने पर पूर्व सांसद के साथ बीच सड़क भिड़ गए
- by Manjesh Kumar
- 23-Oct-2026
- Views
जानकारी के बाद कहा है पूर्व सांसद तो क्या हो गया
पूर्णिया: एक तरफ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से लेकर बिहार पुलिस के आलाधिकारी लगातार पीपल फ्रेंडली पुलिसिंग का पाठ पढ़ाते नजर आते हैं तो दूसरी तरफ पुलिसकर्मी हैं कि अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही मामला सामने आया है पूर्णिया से जहां एक दारोगा रास्ता मांगने पर इतने तैश में आ गए कि पुलिसिंग और प्रोटोकॉल ही भूल गए। बताया जाता है उक्त दरोगा साहब के समय कई घटनाएं हो गयी है। पिछले दिनों सड़क जाम हुआ जिसमें ट्रक को आग के हवाले कर दिया गया, रिक्शा वाले, ठेला वाले, टेम्पो वाले, सब्जी बेचने वाले छोटे व्यपारी तक का आरोप है कि बहुत बदतमीजी से बात करते है। और आज परिणाम रहा कि सड़क पर पूर्व सांसद से उलझ गए।
उलझे ऐसे की देर रात जम कर हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ बताया जाता है। देर रात सड़क पर 5000 से ज्यादा लोग अपने पूर्व सांसद के साथ हुए दुर्व्यवहार पर काफी उग्र हो गए थे फिर भी दरोगा बाबू का तेवर तो तेवर ठहरा। जब एसएसपी साहब को बिगडैल दरोगा के कारनामे के जानकारी मिली तो तुरंत उन्होंने डीएसपी सदर 1 को मौके पर भेजा बहुत मशक्कत कर मामला शांत करवाना पड़ा। दरअसल बीती रात पूर्णिया के पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा अपनी गाड़ी से कहीं जा रहे थे। इस दौरान उनकी गाड़ी के ड्राइवर ने आगे चल रही पुलिस गाड़ी को डिपर के माध्यम से रास्ता मांगी जिसके बाद पहले पुलिस ड्राइवर ने पूर्व सांसद के ड्राइवर के साथ बदतमीजी की। इसके बाद सदर थाना प्रभारी राजू कुमार खुद ही पूर्व सांसद से उलझ गए।
मामले को लेकर पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने कहा कि लोगों को वर्दी आमजन की सुरक्षा के लिए दी जाती है लेकिन यहां मामला ही उलटा दिख रहा है। जिस व्यक्ति को लोगों की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है वह खुद ही सड़क पर गुंडागर्दी कर रहा है। पूर्व सांसद ने आपबीती बताते हुए कहा कि बीती रात करीब 10 से 11 बजे के बीच वह अपनी गाड़ी से कहीं जा रहे थे। इस दौरान जब मेरी गाड़ी ने पुलिस गाड़ी से साइड मांगा तो दारोगा अपना आपा खो बैठे और सारा प्रोटोकॉल तक भूल गए। उन्होंने मेरे साथ बदसुलूकी की तथा बदतमीजी से बात की। पूर्व सांसद ने बताया कि दारोगा को परिचय देने का बाद वह शांत नहीं हुए बल्कि बीच सड़क पर एक गुंडे की तरह बर्ताव करने लगे। उन्होंने मामले को लेकर वरीय पुलिस अधिकारी से शिकायत की मांग की है।
मामले में बताया जा रहा है कि दारोगा के द्वारा पूर्व सांसद के साथ बदतमीजी किए जाने के बाद सड़क पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही लगभग 5000 से ज्यादा लोग जुट गए और अपने नेता के साथ हो रहे दुर्व्यवहार पर चिंता जताने लगे बताया जा रहा है थाना प्रभारी को बॉडीगार्ड के द्वारा बताया भी गया कि पूर्व सांसद है गाड़ी में तो दरोगा ने कहा.... है तो क्या हो गया !!! मामले को लेकर एसएसपी से लेकर डीआईजी तक को जानकारी दी गई। बाद में डीएसपी एसडीएम मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्थिति को संभाला। अब मामले की चर्चा पूरे जिले में हो रही है। लोगों का कहना है कि एक तरफ जिले के एसएसपी डॉ शौर्य सुमन और डीआईजी विवेकानंद खुद लोगों के बीच जा रहे हैं, लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का वादा करते हैं तो दूसरी तरफ दारोगा स्तर के अधिकारी जिनके कंधों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी है वह राह चलते गुंडागर्दी करते दिख रहे हैं।


Post a comment