एक तरफ नौकरी के लिए लगातार सड़क पर उतर रहे अभ्यर्थी दूसरी तरफ आवेदन नहीं मिलने के कारण बीपीएससी ने लौटाई रिक्ति

पटना: एक तरफ राज्य सरकार लगातार सरकारी नौकरी और रोजगार देने का दावा करती है तो दूसरी तरफ भर्ती प्रक्रिया में देरी और नई भर्ती की घोषणाओं को लेकर अभ्यर्थी लगातार सड़कों पर प्रदर्शन करते हैं। इस बीच बीपीएससी ने विभाग को उसके 218 पदों पर भर्ती के लिए रिक्ति लौटा दी है। इसका मुख्य कारण है कि बीपीएससी ने दो बार अधिसूचना जारी की लेकिन उसे आवेदन ही नहीं मिला। जानकारी के अनुसार बीपीएससी ने आवेदन नहीं मिलने के कारण राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज और राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज के विभागाध्यक्ष सहित संकाय सदस्यों की 218 रिक्तियां विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को वापस भेज दी हैं। आयोग ने इन पदों पर भर्ती के लिए पिछले साल विज्ञापन जारी कर ऑनलाइन आवेदन मांगा था, लेकिन एक भी आवेदन नहीं मिला, इसके बाद दोबारा ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किये गये, लेकिन दूसरी बार भी कोई आवेदन नहीं मिला।

बीपीएससी ने 16 विषयों में विभागाध्यक्ष के 218 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किये थे। इनमें मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 33, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग के 43, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 42, सिविल इंजीनियरिंग के 45, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के 39, टेक्सटाइल इंजीनियरिंग के तीन, अग्नि प्रौद्योगिकी एवं सुरक्षा के दो और ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग के दो पद शामिल थे। इसके अलावा प्रिंटिंग प्रौद्योगिकी, खान इंजीनियरिंग, फैशन एवं कपड़ा प्रौद्योगिकी, केमिकल इंजीनियरिंग, सिरेमिक्स इंजीनियरिंग, सिविल (ग्रामीण) इंजीनियरिंग, खाद्य प्रसंस्करण एवं संरक्षण तथा कृषि इंजीनियरिंग के एक-एक पद के लिए भी आवेदन आमंत्रित किये गये थे। विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अपर सचिव अहमद महमूद ने एक न्यूज एजेंसी से कहा कि विभाग को इस संबंध में बीपीएससी से सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि विभाग इसकी जांच करेगा और उसके बाद आगे की कार्रवाई के बारे में निर्णय लिया जायेगा।

  

Related Articles

Post a comment