पूर्व मंत्री मंसूर आलम की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद, वक्ताओं ने कहा...

कटिहार: सीमांचल सद्भावना मंच कटिहार ने शहर के टाउन हॉल में पूर्व मंत्री मंसूर आलम की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के लिए पूर्व मंत्री सलमान खुर्शीद भी पहुंचे। उनके पूर्णिया हवाई अड्डा पर आगमन के बाद सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी जितेंद्र यादव ने पुष्पगुच्छ और शॉल दे कर स्वागत किया। एयरपोर्ट से वह शिवनगर, खुश्कीबाग स्थित महापौर विभा कुमारी एवं पूर्व प्रत्याशी जितेंद्र यादव के आवास पहुंचे, जहां महापौर विभा कुमारी ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं शॉल देकर सम्मानित किया।

इस दौरान उन्होंने पारिवारिक सदस्यों तथा स्थानीय लोगों से मुलाकात की और क्षेत्र के विकास, सामाजिक सौहार्द तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इसके बाद वे कटिहार स्थित कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए, जहां उनके साथ जितेंद्र यादव भी मौजूद रहे। कटिहार के टाऊन हॉल में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए भारत सरकार के पूर्व विदेश एवं विधि मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि मंसूर आलम केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक सौहार्द और जनसेवा की जीवंत मिसाल थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की सेवा तथा भाईचारे की संस्कृति को मजबूत करने में समर्पित किया। ऐसे व्यक्तित्व विरले ही जन्म लेते हैं।

उन्होंने कहा कि आज जब समाज को एकजुट रखने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता है, तब मंसूर आलम के विचार और उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी, लेकिन उनके द्वारा स्थापित आदर्श सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं जन्नत नसीब होने की दुआ करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान सलमान खुर्शीद ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठन के विस्तार, जनसंपर्क अभियान तथा कोसी-सीमांचल क्षेत्र में पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहकर सामाजिक सौहार्द, विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

वहीं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जितेंद्र यादव ने कहा कि बचपन से उन्होंने मंसूर आलम के बारे में सुना था कि वे गरीबों के मसीहा, जननेता और आम लोगों के लिए हर समय उपलब्ध रहने वाले व्यक्तित्व थे। निकट से जानने का अवसर मिलने पर यह अनुभव हुआ कि वे लोगों की कल्पना से भी बढ़कर जनसेवा के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि मंसूर आलम बेदाग राजनीति, सादगी और जनसमर्पण का दूसरा नाम थे तथा उनका निधन सीमांचल की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।

मौके पर मुख्य रूप से कटिहार सांसद तारीक अनवर, किशनगंज सांसद मो जावेद, पूर्व राज्यसभा सदस्य अशफाक करीम, अमौर विधायक अख्तरुल ईमान, जोकीहाट विधायक मुर्शीद आलम, पूर्व मंत्री अफाक आलम, पूर्व मंत्री शाहनवाज आलम, किशनगंज के पूर्व विधायक इजहारुल हुसैन सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।

  

Related Articles

Post a comment