एक्शन में सम्राट की पुलिस, राजधानी पटना में लगातार दूसरे दिन एनकाउंटर, नीतीश कुमार को मारी गोली
- by Manjesh Kumar
- 19-May-2026
- Views
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बार बार अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वालों के फोटो पर माला चढ़ाने की बात कहने के बाद पुलिस अब लगातार एनकाउंटर मोड में है। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन पटना पुलिस ने अपराधी का एनकाउंटर किया। बताया जा रहा है कि पटना पुलिस ने बीते दिनों राजधानी में एक कैश वैन से लूट मामले के मास्टरमाइंड को एनकाउंटर में घायल किया है तथा उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पटना पुलिस ने लूट मामले के मास्टरमाइंड नीतीश कुमार के पैर में गोली मार कर गिरफ्तार किया है। साथ ही उसके पास से हथियार, लूट के पांच लाख रुपए और लूट कांड में प्रयुक्त बाइक समेत अन्य कई सामान जब्त किया है।
मामले को लेकर पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि बीते दिनों गोपालपुर थाना क्षेत्र में एक कैश वैन से 27 लाख रुपए लूट मामले की छानबीन की जा रही थी। मामले की जांच कर रही टीम ने विभिन्न तरीके से अपराधियों की पहचान की और छापेमारी कर 3 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार करने पुलिस जा रही थी। इसी दौरान वह चौथा आरोपी नीतीश कुमार बाइक से आता दिखा जिसने पुलिस को देखते ही बाइक छोड़ भागने की कोशिश की।
एसएसपी ने बताया कि भागते हुए नीतीश कुमार ने पुलिस पर फायरिंग भी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लग गई तब पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से हथियार और एक आईफोन बरामद किया है। साथ ही लूट के 5 लाख रुपए, लूट मामले में प्रयुक्त बाइक, हेलमेट, 4 मोबाइल बरामद किया गया है। फिलहाल घायल अपराधी का इलाज करवाया जा रहा है और पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।


Post a comment