पूर्णिया एयरपोर्ट को मिले अंतरराष्ट्रीय का दर्जा, पप्पू यादव ने वित्त मंत्री से मुलाकात कर रखी कई मांग

नई दिल्ली: पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ़ पप्पू यादव ने पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से भारत सरकार की केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पूर्णिया में इंटरनेशनल स्टेडियम और स्मार्ट सिटी परियोजना के विकास का विशेष आग्रह किया। भुवनेश्वर रवाना होने से पूर्व नई दिल्ली में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में सांसद ने सीमांचल क्षेत्र की संभावनाओं, विकास संबंधी जरूरतों और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

मुलाकात के दौरान सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया और सीमांचल क्षेत्र लंबे समय से विकास की असीम संभावनाओं के बावजूद अपेक्षित सुविधाओं से वंचित रहे हैं। उन्होंने वित्त मंत्री के समक्ष यह मांग रखी कि पूर्णिया में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाया जाए, जिससे क्षेत्र के युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने के लिए आधुनिक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि सीमांचल के हजारों प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों के अभाव में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने से वंचित रह जाते हैं। यदि पूर्णिया में विश्वस्तरीय स्टेडियम का निर्माण होता है तो यह न केवल खेल गतिविधियों को बढ़ावा देगा, बल्कि रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।

सांसद ने पूर्णिया को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पूर्णिया तेजी से विकसित हो रहा शहर है और यह सीमांचल का प्रमुख आर्थिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक केंद्र बन चुका है। स्मार्ट सिटी परियोजना के माध्यम से आधुनिक शहरी सुविधाएं, बेहतर सड़क नेटवर्क, डिजिटल सेवाएं, जल निकासी व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं का विस्तार संभव हो सकेगा। इससे निवेश के नए अवसर पैदा होंगे और युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खुलेंगे।

पप्पू यादव ने सीमांचल क्षेत्र में रेल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं से जुड़े अन्य मुद्दों को भी वित्त मंत्री के समक्ष रखा तथा केंद्र सरकार से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जनता के हितों और क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों को संसद से लेकर केंद्र सरकार तक मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि पूर्णिया में इंटरनेशनल स्टेडियम और स्मार्ट सिटी जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं न केवल शहर की पहचान बदलेंगी, बल्कि पूरे सीमांचल क्षेत्र को विकास, निवेश और रोजगार के नए युग में प्रवेश कराने का माध्यम बनेंगी।

  

Related Articles

Post a comment