निर्माण कंपनी एसपी सिंगला की शिकायतें लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले पप्पू यादव
- by Manjesh Kumar
- 08-Jul-2026
- Views
सांसद पप्पू यादव ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन की सभी परियोजनाओं की स्वतंत्र जांच और ठोस कार्रवाई के लिए सौंपा ज्ञापन
नई दिल्ली: पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर भागलपुर (सुल्तानगंज) और खगड़िया (अगुवानी घाट) के बीच गंगा नदी पर निर्माणाधीन फोरलेन पुल के लगातार तीन बार ध्वस्त होने के मामले को गंभीरता से उठाया। उन्होंने निर्माण एजेंसी एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के कार्यों, कथित अनियमितताओं, घोषित डिबारमेंट के बावजूद अन्य सरकारी निविदाओं में भागीदारी तथा बिहार में कंपनी द्वारा संचालित सभी परियोजनाओं की स्वतंत्र संरचनात्मक सुरक्षा जांच कराने की मांग करते हुए विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि बिहार की सबसे महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल सुल्तानगंज अगुवानी घाट फोरलेन पुल बार-बार हादसों का शिकार हुआ है, जिससे निर्माण गुणवत्ता, तकनीकी निगरानी और जवाबदेही व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 3.16 किलोमीटर लंबे इस पुल को वर्ष 2013 में स्वीकृति मिली थी तथा 2015 में शिलान्यास हुआ था। करीब 1,710 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना को निर्धारित समय में पूरा होना था, लेकिन ग्यारह वर्ष बीत जाने और कई बार समय-सीमा बढ़ाए जाने के बावजूद पुल अब तक अधूरा है। निर्माण के दौरान वर्ष 2022, 2023 और 2024 में पुल के अलग-अलग हिस्से गिरने की घटनाओं ने लोगों का भरोसा कमजोर किया है।
ज्ञापन में सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन बिहार में कई अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य कर रही है, जिनमें नया महात्मा गांधी सेतु, आरा-छपरा पुल, औंटा-सिमरिया पुल तथा अन्य बड़े सड़क एवं पुल निर्माण कार्य शामिल हैं। उन्होंने वर्ष 2020 में पटना के लोहिया चक्र पथ परियोजना में कंक्रीट स्लैब गिरने से तीन बच्चों की मौत की घटना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती, तो बाद की घटनाओं से बचा जा सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक रूप से कंपनी को डिबार करने की घोषणा के बावजूद उसके अन्य सरकारी टेंडरों में भाग लेने की खबरें सामने आईं, जिससे प्रशासनिक पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लगता है।
सांसद पप्पू यादव ने केंद्रीय मंत्री से मांग की कि एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन के डिबारमेंट से संबंधित आधिकारिक दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं, तीनों पुल दुर्घटनाओं तथा लोहिया चक्र पथ हादसे की तकनीकी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, कंपनी द्वारा बिहार में संचालित सभी परियोजनाओं की स्वतंत्र गुणवत्ता एवं सुरक्षा जांच कराई जाए तथा परियोजना की संशोधित लागत और नई समय-सीमा की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि कंपनी को लगातार बड़ी परियोजनाएं दिए जाने की प्रक्रिया की स्वतंत्र समीक्षा कराई जाए, ताकि जनता के बीच उत्पन्न सभी संदेह दूर हो सकें। सांसद ने कहा कि सुल्तानगंज-अगुवानी पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। एक ही परियोजना का निर्माणाधीन अवस्था में तीन बार ध्वस्त होना केवल तकनीकी विफलता नहीं, बल्कि जवाबदेही व्यवस्था की भी गंभीर परीक्षा है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि पूरे मामले में तथ्यात्मक, दस्तावेज़ी एवं कार्यान्वयन योग्य कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी निर्माण एजेंसी को लापरवाही की कीमत जनता की जान और धन से न चुकानी पड़े तथा बिहार की जनता का विकास परियोजनाओं पर विश्वास कायम रह सके।


Post a comment