बिहार के एक और धनकुबेर अधिकारी चढ़े EOU के हत्थे, एक साथ कार्यालय समेत 6 ठिकानों पर छापेमारी

दरभंगा: बिहार में भ्रष्टाचार और अपराध के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में एक और भ्रष्ट सरकारी अधिकारी अब कार्रवाई की जद में आ गए हैं। यह सरकारी अधिकारी हैं दरभंगा के केवटी प्रखंड के बीडीओ चंद्रमोहन पासवान। बुधवार को आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के आरोप में बीडीओ के 6 ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की। बुधवार की सुबह EOU की टीम केवटी प्रखंड कार्यालय, कार्यालय के पीछे सरकारी आवास, बहादुरपुर थाना क्षेत्र में स्थित निजी आवास, मधुबनी के बाबूबरही थाना क्षेत्र स्थित पैतृक गांव, सीतामढ़ी स्थित ससुराल समेत अन्य स्थानों पर एकसाथ छापेमारी के लिए पहुंची।

बीडीओ के सभी ठिकानों पर लंबी जांच पड़ताल के बाद EOU की टीम वापस लौट गई। बताया जा रहा है कि टीम के साथ भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद थी। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान EOU की टीम ने मीडिया से दूरी बनाई रखी लेकिन घंटों जांच पड़ताल के बाद टीम लौट गई। जांच के दौरान टीम ने विभिन्न अभिलेखों, पंजी और कार्यालय से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। टीम के सदस्य लौटते समय एक झोले में कुछ कागजात अपने साथ ले गए, हालांकि पूछे जाने पर अधिकारियों ने बताया कि कार्यालय से कोई विशेष सामग्री नहीं मिली है।

जानकारी के अनुसार बीडीओ चंद्र मोहन पासवान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर प्रखंड से स्थानांतरित होकर 3 अक्टूबर 2025 से केवटी प्रखंड में योगदान दे रहे थे। मामले को लेकर जांच एजेंसियां उनके वित्तीय दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं। बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध इकाई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सत्यापन के दौरान बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला सामने आया। प्रारंभिक जांच में उनके पास 89 लाख 13 हजार 500 रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 81.03 प्रतिशत अधिक बताई गई है।

बताया जा रहा है कि आर्थिक अपराध इकाई के डीएसपी राजन कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की कार्रवाई चल रही है। केवटी मुख्यालय परिसर के पीछे स्थित सरकारी आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा के बीच टीम दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच कर रही है। ईओयू की अलग-अलग टीमें दरभंगा, मधुबनी और सीतामढ़ी में एक साथ कार्रवाई कर रही हैं। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की ओर से जारी नई जानकारी के अनुसार, विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त सूचना के सत्यापन के बाद बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा के तहत आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 09/26 दर्ज किया गया है। सूत्रों के अनुसार, विशेष न्यायालय निगरानी, मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई शुरू की गई। छापेमारी के दौरान टीम जमीन और निवेश से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों का विवरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य संपत्तियों से संबंधित अभिलेखों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में कुछ अहम सुराग मिलने की भी बात सामने आ रही है।

  

Related Articles

Post a comment