राजधानी में पुलिस के साथ एनकाउंटर में एक अपराधी ढेर, दो पुलिस अधिकारी भी हुए जख्मी
- by Manjesh Kumar
- 13-Jun-2026
- Views
पटना: बड़ी खबर राजधानी पटना से है जहां शुक्रवार की शाम अपराधी और पुलिस टीम के बीच जम कर फायरिंग हुई। घटना में एक तरफ जहां एक अपराधी ढेर हो गया तो दूसरी तरफ दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल रहा, वहीं दोनों जख्मी पुलिस अधिकारियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना राजधानी पटना के मसौढी थाना इलाके की है जहां अपहरण की सूचना पर पहुंची पुलिस पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी। घटना में मसौढी अपर थानाध्यक्ष और एक अन्य अधिकारी को गोली लगी है।
पुलिस को देखते ही अपराधियों ने की फायरिंग
घटना के संबंध में पटना सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने कहा कि बीती शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ हथियारबंद अपराधी एक युवक का अपहरण कर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर मसौढी थाना के अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने उनके ऊपर फायरिंग कर दी जिससे अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार और एक अन्य एएसआई संजय कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस दौरान पुलिस की टीम ने अपहृत युवक को अपराधियों के चंगुल से बचा लिया और दोनों पुलिस अधिकारियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल अपराधी को उसके सहयोगियों ने पहुंचाया अस्पताल
पटना सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने कहा कि इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक अपराधी को भी गोली लगी है, जिसे उसके साथियों ने ही अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस की टीम ने उसका रूट पता किया तो जानकारी मिली कि वह विभिन्न अस्पतालों में होते हुए पारस आया है और यहां उसकी मौत हो गई। सिटी एसपी ने बताया कि मृतक अपराधी की पहचान मो हैदर के रूप में की गई। उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी हत्या के आरोप में जेल जा चुका है। वहीं अन्य अपराधियों की भी पहचान की गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
मोबाइल खरीद बिक्री के दौरान की अपहरण की कोशिश
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि अपराधियों ने मोबाइल खरीद बिक्री के नाम पर युवक को बुलाया था और उसका अपहरण कर ले जा रहे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो अपराधियों ने हथियार दिखा कर लोगों को डरा दिया। इसी बीच पुलिस भी सादे लिबास में पहुंची और अपराधियों का पीछा करने लगी। बताया जा रहा है कि अपराधी ने पुलिस को ग्रामीण समझ कर ही गोली चलाई होगी जिसमें दो पुलिस अधिकारी जख्मी हो गए।


Post a comment