भागलपुर में प्रखंड अध्यक्षों की नियुक्ति पर कांग्रेस में विरोध, नेताओं ने हाईकमान से रद्द करने की मांग की
- by Manjesh Kumar
- 14-Aug-2026
- Views
भागलपुर: भागलपुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार को पार्टी के कैंप कार्यालय में प्रेस वार्ता कर जिले के विभिन्न प्रखंडों में की गई प्रखंड अध्यक्षों की नियुक्ति का विरोध किया। नेताओं ने नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रखंड अध्यक्षों की नियुक्ति का आदेश पार्टी के सक्षम प्राधिकार की ओर से जारी नहीं किया गया है। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, पार्टी संविधान के तहत इस तरह की नियुक्ति का अधिकार राष्ट्रीय अध्यक्ष को है और इसकी अधिसूचना अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव द्वारा जारी की जाती है। नेताओं ने आरोप लगाया कि तथाकथित प्रखंड अध्यक्षों की सूची में ऐसे लोगों के नाम भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इससे आम लोगों के बीच पार्टी की छवि और नकारात्मक संदेश जाने की आशंका जताई गई।
प्रेस वार्ता के दौरान नगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती सिंह ने प्रखंड अध्यक्षों की नियुक्ति में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की घोषित नीति के अनुसार संगठन में महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए, लेकिन मौजूदा नियुक्तियों में इसका पालन नहीं हुआ है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नियुक्तियों के पूरे मामले को पार्टी हाईकमान के समक्ष उठाया जाएगा और विवादित सूची को रद्द करने की मांग की जाएगी।
प्रेस वार्ता को बिहार प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि डॉ अभय आनंद, बिपिन बिहारी यादव, नगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती सिंह, ज्योति यादव, इंटक जिलाध्यक्ष रवि कुमार, बिहपुर प्रखंड अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रतिनिधि इरफान आलम तथा गोपालपुर प्रखंड अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रतिनिधि शंकर सिंह अशोक ने संयुक्त रूप से संबोधित किया।


Post a comment