भाजपा के मंडल अध्यक्ष स्तरीय पदाधिकारियों के साथ विधायक ने की बैठक
- by Manjesh Kumar
- 27-Jun-2026
- Views
पूर्णिया: गुलाबबाग में पूर्णिया विधानसभा अंतर्गत भाजपा के सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल महामंत्री एवं मंडल मीडिया प्रभारियों की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में विधानसभा संयोजक संजय मिश्रा ने पार्टी के पूर्व कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में विधायक विजय खेमका ने सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया तथा प्रदेश एवं जिला संगठन के अनुसार पूर्णिया विधानसभा के सभी मंडलों में चल रहे संगठनात्मक कार्यों की सराहना की। विधायक ने कहा विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथों पर बूथ कार्यकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय डिजिटल प्रशिक्षण लिंक पर अपना प्रशिक्षण अवश्य पूर्ण करें तथा सरल ऐप पर अपने-अपने बूथ का संपूर्ण विवरण 6 जुलाई तक अपलोड करें।
उन्होंने आग्रह किया कि प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह एवं तृतीय सप्ताह में मंडल पदाधिकारियों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के अधिकारीयों की बैठक तथा अंतिम सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर सुनने एवं सुनाने का अभियान पूरी सक्रियता से चलाया जाए। विधायक ने कहा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार के जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाभुकों तक पहुंचाने के लिए पंचायतों एवं नगर निकायों में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को जन सहयोग शिविर आयोजित किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सभी प्रखंडों के पंचायतों में पंचायत विकास दिवस आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, जिसकी शुरुआत 28 जून से है। सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित होने वाली इस ग्राम सभा में पंचायत के विकास कार्यों की समीक्षा, स्थानीय आवश्यकताओं की प्राथमिकता तय करने तथा विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
उन्होंने भाजपा के कार्यकर्ताओं एवं सभी पदाधिकारियों से इस कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही 28 जून रविवार को प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम को भी प्रत्येक बूथ पर सुनने एवं सुनाने का आग्रह किया। विधायक श्री खेमका ने सभी मंडल मीडिया प्रभारियों से सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा बिहार की एनडीए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने को कहा । बैठक में मंडल प्रभारी सुजीत सिन्हा, सुकेश पाल, विजय मांझी, चंदन पासवान एवं अनुपमा झा, मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह, गोपाल सिन्हा, पवन सहनी, मनोज गोस्वामी, पानो देवी सहित सभी मंडलों के महामंत्री, मंडल मीडिया प्रभारी उपस्थित थे।


Post a comment