बाकीपुर उपचुनाव में 2025 विधानसभा चुनाव से 7 प्रतिशत कम हुआ मतदान, त्रिकोणीय मुकाबला में सब कर रहे जीत का दावा
- by Manjesh Kumar
- 30-Jul-2026
- Views
पटना: राजधानी पटना के हाईप्रोफाइल बाकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में गुरुवार को मतदान संपन्न हो गया। दिनभर के मतदान के बाद कुल वोटिंग प्रतिशत 34.39 प्रतिशत ही हो पाया। यह मतदान प्रतिशत 2025 के विधानसभा चुनाव से 7.23 प्रतिशत कम रहा। मतदान समाप्त होने के बाद अब भाजपा, राजद व जन सुराज तीनों दल कम मतदान को अपने-अपने पक्ष में बता रहे हैं। पिछले वर्ष कुल मतदान का 62.66 प्रतिशत वोट नितिन नवीन, 29.55 प्रतिशत राजद की प्रत्याशी रेखा गुप्ता को तथा 4.92 प्रतिशत जन सुराज की प्रत्याशी वंदना कुमारी को मिला था। चौथे स्थान पर 1460 मत के साथ नोटा था।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा। किसी भी मतदान केंद्र से अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। कुछ केंद्रों पर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता के बीच हल्की नोकझोंक की सूचना मिली है। तीन केंद्रों पर ईवीएम में खराबी के बाद बदला गया है। भाजपा ने मतदान शुरू होते ही जन सुराज पर फर्जी मतदाता से मतदान कराने का आरोप लगाकर चुनाव आयोग को पत्र लिख। इसके बाद बोरिंग कैनाल रोड, किदवईपुरी, पीएनटी कालोनी आदि के बूथों पर जन सुराज और भाजपा के कार्यकर्ताओं में नोकझोंक दिखा गया।


Post a comment