एमएलसी चुनाव से पहले अनंत सिंह के बयान से राजनीतिक हलचल तेज, नीरज कुमार को लेकर कहा...
- by Manjesh Kumar
- 04-Sep-2026
- Views
पटना: बिहार में एक बार फिर एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी हलचल बढ़ने लगी है। एमएलसी चुनाव में संभावित उम्मीदवार अब जन संपर्क करने लगे हैं साथ ही सियासी गठजोड़ का दौर भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में मोकामा के बाहुबली जदयू विधायक अनंत सिंह ने एक बयान देकर राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है। अनंत सिंह ने एमएलसी चुनाव में अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार को समर्थन देने से इनकार कर दिया है। दरअसल अनंत सिंह बेढ़ना गए थे। यहां उनके समर्थक भी मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने मीडियाकर्मियों से बातचीत की।
मीडिया से बात करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि जो मेरे साथ रहेगा, हम उसका साथ देंगे। इसके साथ ही उन्होंने अनुज सिंह को हर स्तर पर समर्थन देने की बात कही। अनंत सिंह ने दावा किया कि 26 विधानसभा क्षेत्रों में उनके समर्थक अनुज सिंह के साथ खड़े होंगे। इस तरह से अनंत सिंह के इस बयान के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। कई तरह के कयासों का सिलसिला तेज हो गया है। एमएलसी चुनाव से पहले अनंत सिंह का बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि मोकामा और बाढ़ के इलाके में अनंत सिंह का अपना राजनीतिक प्रभाव रहा है। ऐसे में उनका किसी उम्मीदवार के पक्ष में खुलकर उतरना चुनावी माहौल को जरूर प्रभावित कर सकता है। ऐसे में इस बयान को नीरज कुमार के खिलाफ सीधा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनाव की तैयारी तेज हो गई है। इन सभी सीटों पर मौजूदा विधान पार्षदों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को खत्म हो रहा है। इन आठ सीटों में चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। चुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की ओर से तैयारियां पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। जिन आठ सीटों पर चुनाव होना है, उनमें तीन सीटों पर निर्दलीय विधान पार्षद हैं, जबकि दो सीटों पर भाजपा के सदस्य हैं। कांग्रेस, भाकपा और जदयू के एक-एक विधान पार्षद का कार्यकाल भी समाप्त होगा। इन सभी सदस्यों को एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरना पड़ सकता है।


Post a comment