खाली होने के बाद 10 सर्कुलर रोड आवास में लटका ताला, बंद देख रोने लगा राजद समर्थक

पटना: पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भवन निर्माण विभाग के नोटिस के बाद लंबे अरसे बाद अब 10 सर्कुलर रोड आवास खाली कर दिया है। आवास खाली होने के बाद इसके दरवाजे पर ताला लगा दिया गया है। इस बीच शुक्रवार को भवन निर्माण विभाग के कई अधिकारी और अभियंताओं ने आवास का निरीक्षण किया। इसके साथ ही बिजली, उद्यान प्रमंडल व पीएचईडी के साथ-साथ सिविल इंजीनियरों ने पूरे आवास का निरीक्षण किया। इस आवास से जुड़े संवेदक ने 10 सर्कुलर रोड आवास में ताला लगा दिया।

राबड़ी आवास से जुड़े भवन पंजी लेकर भवन निर्माण विभाग के कनीय अभियंता व भू संपदा अधिकारी को तेजस्वी यादव के पोलो रोड स्थित आवास पर बुलाया गया। वहां राबड़ी आवास को उपलब्ध कराए गए फर्निचर, अन्य उपस्कर तथा बिजली से जुड़े उपकरणों का मिलान होगा। वैसे संवेदक का कहना है कि सभी सामान आवास में उपलब्ध हैं। 10 सर्कुलर रोड आवास के सभी कमरों में भी ताला लगा दिया गया है। गेट पर भी ताला जड़ दिया गया है। भवन निर्माण विभाग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 10 सर्कुलर रोड आवास में उपलब्ध सामानों की सुरक्षा के लिए पुलिस की सेवा ली जा रही।

आवास खाली होने की स्थिति में सामान चोरी होने की आशंका बनी रहती है। वहीं, अब 10 सर्कुलर रोड आवास को भवन निर्माण विभाग नए सिरे से रंगरोगन व अन्य व्यवस्था को दुरुस्त कर जल्द ही तैयार करेगा। इसके बाद इस आवास को विधिवत आवंटी को उपलब्ध करा दिया जाएगा। राबड़ी देवी के सरकारी आवास खाली करने के बाद 10 सर्कुलर रोड पहुंचा एक RJD समर्थक भावुक हो गया। वह दीवार पकड़कर फूट-फूटकर रोने लगा।

  

Related Articles

Post a comment