चिराग पासवान की सफलता की मन्नत पूरी होने पर महिला ने 42 सूपों से दिया सूर्य को अर्घ्य, घाट पर जुटी भीड़
- by Raushan Pratyek Media
- 16-Nov-2026
- Views
चिराग पासवान की सफलता की मन्नत पूरी होने पर महिला ने 42 सूपों से दिया सूर्य को अर्घ्य, घाट पर जुटी भीड़
हरनौत: छठ महापर्व के दौरान बिहार में आस्था और श्रद्धा के अनोखे दृश्य देखने को मिलते हैं। कोई परिवार की सुख-समृद्धि के लिए मन्नत मांगता है तो कोई अपने प्रियजनों की सफलता और खुशहाली की कामना करता है। नालंदा जिले के हरनौत में भी ऐसा ही एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जहां एक महिला ने अपनी मन्नत पूरी होने पर 21 जोड़े यानी कुल 42 सूपों से भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।
हरनौत के नंदा बिगहा निवासी रंजीत पासवान की पत्नी डाली कुमारी ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान की राजनीतिक सफलता के लिए मन्नत मांगी थी। मन्नत पूरी होने पर उन्होंने छठ पूजा के दौरान 42 सूपों से सूर्यदेव को अर्घ्य दिया।
42 सूपों से अर्घ्य बना आकर्षण का केंद्र
डाली कुमारी की ओर से एक साथ 42 सूपों से अर्घ्य देने का दृश्य घाट पर मौजूद लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया। सभी सूपों में फल, ठेकुआ, गन्ना, नारियल और अन्य पूजन सामग्री सजाई गई थी।
स्वजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी सूपों को घाट पर कतार में व्यवस्थित ढंग से रखा गया। इसके बाद डाली कुमारी ने विधि-विधान के साथ सभी सूपों से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाट पर मौजूद लोगों ने इस अनोखी पूजा को उत्सुकता से देखा।
'मैं चिराग पासवान की प्रशंसक हूं'
डाली कुमारी ने बताया कि उन्होंने चिराग पासवान की राजनीतिक सफलता के लिए मन्नत मांगी थी। उन्होंने कहा, "मैं चिराग पासवान की प्रशंसक हूं। मैं चाहती हूं कि वे अपने पिता के सपनों को पूरा करते रहें और जीवन पर्यंत उनका सितारा बुलंद रहे।"
उनकी इस मन्नत और 42 सूपों से अर्घ्य देने की परंपरा ने छठ महापर्व के दौरान स्थानीय स्तर पर लोगों का ध्यान खींचा। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि छठ पूजा में श्रद्धालु अपनी आस्था और मनोकामनाओं को किस तरह अनूठे तरीके से व्यक्त करते हैं।


Post a comment