उत्तराखंड में छठ महापर्व संपन्न, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने खोला 36 घंटे का निर्जला व्रत
- by Raushan Pratyek Media
- 16-Nov-2026
- Views
उत्तराखंड में छठ महापर्व संपन्न, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने खोला 36 घंटे का निर्जला व्रत
देहरादून: लोक आस्था, सूर्य उपासना और कठिन साधना का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व उत्तराखंड में सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। प्रदेश के देहरादून, हरिद्वार और खटीमा सहित कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की। सुबह होते ही छठ घाटों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। छठी मैया के पारंपरिक गीतों, ढोल की थाप और आतिशबाजी के बीच घाटों पर भक्ति और उत्सव का माहौल देखने को मिला।
खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने की छठ पूजा
खटीमा के खेलड़िया गांव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ पारंपरिक रीति-रिवाज निभाए। उन्होंने पूजा-अर्चना कर छठी मैया और भगवान सूर्य से सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
देहरादून के घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
देहरादून में टपकेश्वर स्थित तमसा नदी, प्रेमनगर में टोंस नदी, मालदेवता में सौंग नदी, रिस्पना, रायपुर, हरवंशवाला और छठ पार्क ब्रह्मपुरी समेत विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह करीब तीन बजे से ही घाटों पर व्रतियों और उनके परिवारों की भीड़ जुटने लगी थी।
टोंस नदी के तट पर श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन और उनकी पत्नी रश्मि वर्धन ने भी ऊषा अर्घ्य के अवसर पर सूर्योपासना की।
हरिद्वार में गंगा तट पर दिखी आस्था
हरिद्वार में भी छठ महापर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। गंगा की लहरों के बीच उगते सूर्य की पहली किरण के साथ घाट छठी मैया के जयकारों से गूंज उठे। सप्तऋषि, भूपतवाला, सप्तसरोवर, बैरागी कैंप, दक्षदीप और बहादराबाद सहित गंगनहर के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद किया पारण
छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हुई थी। इसके बाद खरना पूजन कर व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू किया। रविवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का समापन हुआ।
व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान के सुखी जीवन और घर-परिवार में खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया गया। पूरे प्रदेश में छठ महापर्व के समापन पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का माहौल रहा।


Post a comment