तेजस्वी यादव का CM सम्राट पर तीखा हमला, कहा 'अनाड़ी सीएम से नहीं संभल रहा बिहार
- by Manjesh Kumar
- 11-Nov-2026
- Views
पटना: बिहार में छठ महापर्व के बीच सियासी पारा एक बार फिर चढ़ने लगा है। नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। तेजस्वी ने कानून-व्यवस्था से लेकर प्रशासनिक व्यवस्था तक कई मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को अनुभवहीन और नौसिखिया बताते हुए कहा कि उनसे बिहार की सत्ता और प्रशासन संभल नहीं रहा है। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री की अपरिपक्व कार्यशैली के कारण अधिकारी भी उन्हें गंभीरता से नहीं लेते और राज्य में प्रशासनिक नियंत्रण कमजोर पड़ गया है।
तेजस्वी ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि राज्य में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हो गए हैं कि अपराधी पुलिसकर्मियों को निशाना बना रहे हैं, जबकि पुलिस अपनी नाकामी छिपाने के लिए निर्दोष नागरिकों की जान ले रही है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि बिहार वित्तीय अराजकता, प्रशासनिक कुव्यवस्था, बदइंतज़ामी, अनुशासनहीनता और राजशून्यता का पर्याय बन चुका है। कुशासन, बदहाल विधि व्यवस्था और भ्रष्टाचार एनडीए सरकार में गहरी व गंभीर संरचनात्मक समस्या बन चुका है जो सरकार और समाज के हर स्तर पर प्रत्येक व्यक्ति एवं व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है।
हर स्तर पर माफिया का राज है। इससे दुर्भाग्यपूर्ण क्या होगा कि अपराधी पुलिस की हत्या कर रहे है और पुलिस अपनी ख़ामियाँ छुपाने के लिए निर्दोष नागरिकों की हत्या कर रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के अनाड़ी मुख्यमंत्री से बिहार संभल नहीं रहा है जिससे बिहार में अराजक और विध्वंसक स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। बिहार में गवर्नेंस नाम की कोई चीज़ ही नहीं है। मनोनीत मुख्यमंत्री के अल्पज्ञान, अनाड़ी कार्यशैली एवं अकुशलता के कारण अधिकारी इन्हें गंभीरता से नहीं ले रहे है। जनसमस्याओं का निदान, जनसरोकर और जनजीवन को बेहतर बनाना मुख्यमंत्री की प्राथमिकता ही नहीं है और यही वजह है कि नावाकिफ अपरिपक्व मुख्यमंत्री लोक कल्याणकारी मुद्दों की बजाय ग़ैर वाजिब मुद्दों को तरजीह देते रहते है।
नौकरी-रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य व विधि व्यवस्था, औद्योगिक तथा इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार, टेक्नोलॉजी, विकास एवं निवेश तो मुख्यमंत्री के शब्दकोश में ही नहीं है। मुख्यमंत्री के नौसखियापन, नासमझी और कम-अक़्ली के कारण पुलिस और प्रशासन बेलगाम है। भ्रष्टाचार सारी सीमाएँ तोड़ चुका है। वोट चोरी से सत्ता में आए सत्यापित ठगों ने क्या बिहार को बर्बादी के गर्त में धकेलने के लिए मनोनीत मुख्यमंत्री के हाथों में बागडोर सौंपी है?


Post a comment